अन्नामलाई को भाजपा युवा मोर्चा की कमान सौंपने की संभावना

khabar pradhan

संवाददाता

12 April 2025

अपडेटेड: 10:06 AM 0thGMT+0530

अन्नामलाई को भाजपा युवा मोर्चा की कमान सौंपने की संभावना

अन्नामलाई को भाजपा युवा मोर्चा की कमान सौंपने की संभावना

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के अन्नामलाई को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। AIADMK और बीजेपी गठबंधन के साथ ही उनका अपने पद से हटना और उनकी जगह नैनार रविंद्रन को पार्टी अध्यक्ष बनने के साथ ही साफ हो चुका है कि पार्टी उन्हें कोई बड़ा पद सौंप सकती है।

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई को लेकर इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उन्होंने तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया है और अब कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें पार्टी संगठन में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। साथ ही एनबीटी ऑनलाइन को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, अन्नामलाई को ‘भारतीय जनता युवा मोर्चा’ का ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष’ बनाया जा सकता है। अभी यह पद भाजपा के तेज तर्रार और चर्चित सांसद तेजस्वी सूर्या के पास है।

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अभी बेंगलुरु साउथ से सांसद तेजस्वी सूर्या कार्यरत हैं। साथ ही तेजस्वी ने अपने जानदार अंदाज और दमदार नेतृत्व से भाजपा युवा मोर्चा को नई पहचान दी है। लेकिन अब संगठनात्मक फेरबदल के चलते यह पद खाली हो सकता है वही और इसमें अन्नामलाई की एंट्री की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

इससे पहले अनुराग ठाकुर भी बीजेवाईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं, जिन्होंने बाद में केंद्र सरकार में मंत्री पद भी संभाला और आज भी राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी के प्रमुख चेहरा बने हुए हैं। भाजपा के एक नेता ने अपना नाम जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर एनबीटी ऑनलाइन को बताया है कि अभी अन्नामलाई को युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया सकता है और आगे चलकर उन्हें पार्टी या सरकार में इससे भी बड़ी भूमिका मिल सकती है, जो बहुत ही कम वक्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद पसंदीदा नेता बन चुके हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर अन्नामलाई की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने में अन्नामलाई का ‘अभूतपूर्व योगदान’ रहा है। शाह ने यह भी कहा कि पार्टी उनके ‘संगठनात्मक कौशल’ का इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर पर करेगी। यह बयान इस ओर इशारा करता है कि अन्नामलाई को पार्टी के शीर्ष संगठन में कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

अन्नामलाई ने एक इंटरव्यू में साफ कहा था, ‘मैं राजनीति में सिर्फ एक शख्स के लिए आया हूं—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। वे जो भी आदेश देंगे, मैं उनका पालन करूंगा।’ यह बयान उनकी पीएम मोदी के प्रति निष्ठा और पार्टी नेतृत्व के प्रति उनका पूर्ण समर्पण जाहिर करता है।

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तमिलनाडु की 39 में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पार्टी भले ही कोई सीट नहीं जीत पाई हो, लेकिन पार्टी का वोट शेयर 11% तक पहुंचा, जो 2019 के 7.5% से काफी बेहतर था। भाजपा के अपने दम पर इस प्रदर्शन में अन्नामलाई की भूमिका को कोई नहीं नकार नहीं सकता, जिन्होंने चुनाव से पहले अपनी पदयात्रा से पूरे प्रदेश को नाप लिया था और पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर समर्थकों में एक नई जान फूंक दी थी।

हालांकि, वे खुद कोयंबटूर सीट से चुनाव हार गए थे, लेकिन वह दूसरे नंबर पर रहे, जिससे उनका जनाधार और मेहनत साफ नजर आती है। आज भी एमके स्टालिन की डीएमके सरकार को वह अकेले हर मोर्चे पर कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं और इसकी वजह से वह प्रदेश की राजनीति में सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष तक के कई नेताओं की नजर पर चढ़े रहते हैं।

इधर, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को लेकर भी अटकलें तेज हैं। पार्टी के उसी नेता ने बताया कि सचदेवा को भी अन्नामलाई की तरह ही राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जा सकता है। इससे साफ है कि भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है, जिसमें नए और ऊर्जावान चेहरों को आगे लाने की रणनीति अपनाई जा रही है। दिल्ली विधानसभा चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत में सचदेवा का रोल भी काफी महत्वपूर्ण रहा है।

पूर्व आईपीएस के अन्नामलाई को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों को अमित शाह के बयान और पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की जानकारी से बल मिला है। उनकी संगठनात्मक क्षमताएं, पीएम मोदी से नजदीकी और तमिलनाडु में उनका प्रदर्शन उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बनाते हैं।

टिप्पणियां (0)