गैस बुकिंग के नाम पर साइबर धोखाधड़ी: फर्जी APK फाइल से रहें सावधान
संवाददाता
1 April 2026
अपडेटेड: 3:18 PM 0stGMT+0530
1 अप्रैल 2026
भोपाल:
युद्ध के चलते गैस किल्लत का फायदा उठा रहे जालसाज, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से कुकिंग गैस की संभावित किल्लत का फायदा उठाकर साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। भोपाल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहाँ जालसाज गैस एजेंसी के प्रतिनिधि बनकर लोगों को फर्जी ‘एपीके (APK)’ फाइल के लिंक भेज रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन लिंक्स पर क्लिक करने या फाइल इंस्टॉल करने से आपका बैंक खाता पूरी तरह खाली हो सकता है। देशभर से मिल रही ऐसी शिकायतों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
घरेलू गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगों ने नया जाल बिछाना शुरू कर दिया है । लोगों को अर्जेंट बुकिंग, लिमिटेड स्टॉक और डिस्काउंट का ऑफर, गैस कनेक्शन काटने जैसे मैसेज देकर लोगों को फंसाया जा रहा है। और फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेज कर मोबाइल हैक करने की कोशिश कर रहे हैं। यूजर जैसे ही इसे डाउनलोड करता है मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक डिटेल तक पहुंच बना ली जाती है ग्वालियर साइबर पुलिस ने इसे लेकर एक एडवाइजरी जारी की है।
साइबर विंग के सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार खतरा बढ़ रहा है इसलिए सतर्कता जरूरी है। अंजान लिंक या फॉरवर्ड मैसेज पर क्लिक न करें। मैसेज, व्हाट्सएप में दिए मोबाइल नंबर पर कॉल ना करें । एपीके फाइल डाउनलोड ना करें। ओटीपी पिन या बैंक डिटेल किसी को ना दे । व्हाट्सप्प ऑफर पर भरोसा ना करें।
सिर्फ ऑफिशल एप ,वेबसाइट या अधिकृत एजेंसी से ही बुकिंग करें। पेमेंट से पहले जानकारी की पुष्टि करें। संदिग्ध नंबर या मैसेज तुरंत ब्लॉक करें और रिपोर्ट करें।
सुरक्षित गैस बुकिंग के लिए अपनाएं ये तरीके
भोपाल पुलिस ने जनता को सुझाव दिया है कि गैस बुकिंग के लिए केवल संबंधित गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, रजिस्टर्ड मोबाइल ऐप या उनके आधिकारिक ग्राहक सेवा नंबर (IVRS) का ही इस्तेमाल करें। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज या एसएमएस में दिए गए लिंक पर भरोसा न करें।
गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें
साइबर अपराधी अक्सर गैस डिलीवरी या सब्सिडी अपडेट करने के बहाने आपके बैंक विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी (CVV) और ओटीपी (OTP) की मांग करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी वैध गैस एजेंसी या बैंक इस तरह की निजी जानकारी फोन या मैसेज पर नहीं मांगता है। सुरक्षित रहने के लिए ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल को तुरंत काट दें और जानकारी साझा न करें।