चैत्र माह की शुरुआत, नवरात्रि और रामनवमी सहित कई पर्वों की रहेगी धूम
संवाददाता
6 March 2026
अपडेटेड: 3:09 PM 0thGMT+0530
6 मार्च 2026
भोपाल। फाल्गुन माह के समाप्त होने के बाद हिंदू पंचांग का पहला महीना चैत्र शुरू हो गया है। धार्मिक दृष्टि से यह महीना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पूरे महीने श्रद्धालुओं के बीच व्रत, पूजा और त्योहारों की श्रृंखला चलेगी, जिससे शहर और प्रदेश में भक्ति का माहौल बना रहेगा।
चैत्र माह को हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है। इस दौरान घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु व्रत-उपवास रखकर देवी-देवताओं की आराधना करते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं।
इस महीने में कई प्रमुख पर्व मनाए जाएंगे। 8 मार्च को रंगपंचमी, 11 मार्च को शीतला अष्टमी, 14 मार्च को विजय एकादशी और 16 मार्च को प्रदोष का व्रत रखा जाएगा। इसके बाद 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत होगी, जो नौ दिनों तक चलेगी। नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ मंदिरों और घरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होंगे।
21 मार्च को गणगौर तीज, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती का पर्व मनाया जाएगा। 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पूर्णिमा के साथ इस माह का समापन होगा l
धार्मिक मान्यता के अनुसार चैत्र माह में किए गए व्रत, दान और पूजा का विशेष फल मिलता है। यही वजह है कि इस पूरे महीने श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं।