नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री, जदयू की सदस्यता लेंगे
संवाददाता
7 March 2026
अपडेटेड: 6:24 PM 0thGMT+0530
7 मार्च 2026
पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले हैं। जानकारी के अनुसार निशांत रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता लेकर औपचारिक रूप से राजनीति में प्रवेश करेंगे। इससे पहले वे अब तक सार्वजनिक जीवन और राजनीति से दूर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसी बीच जदयू की बैठक में निशांत कुमार को पार्टी में शामिल करने पर सहमति बनी है। माना जा रहा है कि उनके आने से पार्टी संगठन को मजबूती देने और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम किया जाएगा।
वहीं नई सरकार के मंत्रिमंडल गठन को लेकर भी फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार भाजपा के 17, जदयू के 15, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हम (सेक्युलर) के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस तरह कुल 36 मंत्रियों का कैबिनेट बनने की संभावना है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पद भाजपा के पास रहने की चर्चा है, जबकि जदयू को दो उपमुख्यमंत्री पद मिल सकते हैं। वहीं चिराग पासवान की पार्टी भी एक डिप्टी सीएम पद की मांग कर रही है।
निशांत कुमार के राजनीति में आने को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे जदयू को भविष्य में नया नेतृत्व तैयार करने में मदद मिल सकती है।
सीएम रेस में कई नाम है l ईबीसी कोटे से सीएम बनाने के विकल्प पर भी विचार हो रहा है l भाजपा के वर्तमान मंत्रियों में से मिथिलांचल से एक या दो नए नाम शामिल हो सकते हैं, तीन मंत्रियों के बदलने की भी चर्चा है l