पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी, पोलोनियम देने की बात सामने आई

khabar pradhan

संवाददाता

18 February 2026

अपडेटेड: 3:00 PM 0thGMT+0530

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी, पोलोनियम देने की बात सामने आई

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खालिस्तान समर्थक संगठन नैशनल  आर्मी ने ईमेल के माध्यम से यह धमकी दी है। ईमेल में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री को जहरीला केमिकल दिया गया है और अगर वे बच भी गए तो उनकी हालत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसी कर दी जाएगी।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल समेत राज्य के करीब 16 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक दिलप्रीत सिंह ने बताया कि धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और अस्पताल तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बहुत जहरीला बताया गया पोलोनियम केमिकल

धमकी में जिस पोलोनियम केमिकल का जिक्र किया गया है, वह एक अत्यधिक रेडियोएक्टिव पदार्थ माना जाता है और बेहद खतरनाक होता है। हालांकि मुख्यमंत्री को यह केमिकल कब, कहां और किस तरह दिया गया, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बताया गया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत के बाद मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

टिप्पणियां (0)