पृथ्वी और प्रगति पर मंथन के लिए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट आज से, एमपी पवेलियन में नवाचारों का होगा प्रदर्शन

khabar pradhan

संवाददाता

16 February 2026

अपडेटेड: 11:45 AM 0thGMT+0530

पृथ्वी और प्रगति पर मंथन के लिए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट आज से, एमपी पवेलियन में नवाचारों का होगा प्रदर्शन

देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव और इसके वास्तविक उपयोग को सामने लाने के उद्देश्य से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 का आयोजन आज से शुरू हो रहा है। यह पांच दिवसीय समिट 16 फरवरी से 20 फरवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार को शाम 5 बजे इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे। समिट का मुख्य विषय ‘लोग, पृथ्वी और प्रगति’ रखा गया है, जो तकनीक के माध्यम से समाज और पर्यावरण के संतुलित विकास पर केंद्रित है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर से तकनीकी विशेषज्ञ, निवेशक, नीति निर्माता और उद्योग जगत के दिग्गज भाग ले रहे हैं। समिट के दौरान यह बताया जाएगा कि एआई किस प्रकार आम लोगों की जिंदगी, उद्योग, शिक्षा और प्रशासन में बदलाव ला रहा है।

कार्यक्रम में 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विश्वभर के 3250 से ज्यादा वक्ता और पैनल सदस्य शामिल होंगे। सम्मेलन में 7 राष्ट्रपति, 2 उपराष्ट्रपति, 9 प्रधानमंत्री तथा प्रमुख तकनीकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी भाग लेंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा है कि एआई पर वैश्विक विमर्श के लिए भारत एक उपयुक्त मंच बनकर उभर रहा है।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में मध्यप्रदेश भी अपनी विशेष भागीदारी दर्ज कराएगा। प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ‘मध्यप्रदेश पवेलियन’ स्थापित किया जा रहा है, जो राज्य की तकनीकी उपलब्धियों और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेगा।

यह पवेलियन प्रदर्शनी हॉल-4, प्रथम तल पर बूथ क्रमांक 4F32 और 4F34 में लगाया गया है। यहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

मध्यप्रदेश पवेलियन में एआई सक्षम शासन मॉडल, डीप-टेक नवाचार और स्टार्टअप आधारित तकनीकी समाधानों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें ऐसे नवाचार शामिल होंगे जो प्रशासनिक सुधार, नागरिक सुविधाओं और तकनीकी विकास को नई दिशा दे सकते हैं।

प्रदेश की यह भागीदारी 15 जनवरी को भोपाल में आयोजित रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस के बाद हो रही है, जिससे राज्य की तकनीकी तैयारी और सक्रियता स्पष्ट होती है।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 को देश में एआई के व्यावहारिक उपयोग और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने वाला बड़ा मंच माना जा रहा है। यह आयोजन भारत को तकनीकी नवाचार और डिजिटल भविष्य की दिशा में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

टिप्पणियां (0)