फर्जी इनकम टैक्स रेड के नाम पर दिनदहाड़े लूट, 50 तोला सोना और लाखों रुपये लेकर फरार

khabar pradhan

संवाददाता

14 March 2026

अपडेटेड: 12:24 PM 0thGMT+0530

14 मार्च 2026
धार l मध्यप्रदेश में फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाश आयकर विभाग के अधिकारी बनकर धार जिले के बाग कस्बे में ब्राह्मण मोहल्ला स्थित एक ठेकेदार के घर शुक्रवार को घुस गए और जांच के नाम पर घरवालों को डराकर बड़ी रकम और सोना लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, आरोपी खुद को आयकर अधिकारी बताते हुए घर पहुंचे और रेड की कार्रवाई का हवाला दिया। इसके बाद उन्होंने घर की तलाशी ली और करीब 50 तोला सोना तथा लगभग 4.5 लाख रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।

बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार और उनकी पत्नी कृष्णा के मोबाइल फोन कब्जे में लेने के बाद रिवॉल्वर दिखाकर सबको डराया और अलमारी व लॉकर खुलवाए l

पीड़ित परिवार को शुरू में लगा कि सच में आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है, लेकिन कुछ देर बाद जब बदमाश वहां से चले गए तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विभाग के अधिकारी के नाम पर अचानक घर आने वाले लोगों की पहचान जरूर सुनिश्चित करें और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग या पुलिस से पुष्टि कर लें।

टिप्पणियां (0)