फर्जी कस्टमर केयर बनकर व्हाट्सएप लिंक भेजा, 4.25 लाख की ठगी

khabar pradhan

संवाददाता

18 February 2026

अपडेटेड: 3:03 PM 0thGMT+0530

फर्जी कस्टमर केयर बनकर व्हाट्सएप लिंक भेजा, 4.25 लाख की ठगी

क्रिप्टो ट्रेडिंग कंपनी के कस्टमर केयर का रूप धारण कर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग से 4.25 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस के अनुसार मिसरोद क्षेत्र में रहने वाले 59 वर्षीय एस. यू. बंकटेश बाबू इस धोखाधड़ी का शिकार हुए। वे मोबाइल ऐप के जरिए क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग करते हैं।

कुछ समय पहले ट्रेडिंग के दौरान उनके खाते में 864 रुपये का नुकसान हुआ था, लेकिन खाते से इससे अधिक राशि कट गई। इस पर उन्होंने संबंधित ऐप के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि कंपनी का अधिकारी उनसे संपर्क करेगा।

कुछ देर बाद एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने उनकी समस्या सुनी। 11 फरवरी को दोबारा फोन कर कहा गया कि उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा जा रहा है, जिस पर क्लिक कर वे अपना बैलेंस जांच लें। उन्होंने लिंक पर क्लिक कर ट्रांजेक्शन पिन दर्ज किया और बैलेंस चेक किया। इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 4.25 लाख रुपये निकाल लिए गए।

एक अन्य मामले में साइबर ठगों ने भेल के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को निशाना बनाते हुए ‘योनो ऐप अपडेट’ के नाम पर ठगी की। घटना 12 जनवरी की बताई जा रही है। पीड़ित अधिकारी अपने मोबाइल पर योनो ऐप के जरिए बैलेंस देख रहे थे, तभी उनके पास फोन आया कि उनका ऐप बंद हो गया है और उसे अपडेट करना होगा।

ठगों ने उन्हें एक लिंक भेजा और मोबाइल नंबर, आधार नंबर व बैंक खाता जानकारी दर्ज कराई। जानकारी भरते ही कुछ ही मिनटों में पहले 49 हजार रुपये और फिर 1.04 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद खाते से कुल 4.25 लाख रुपये निकल गए।

रकम निकलने के मैसेज आते ही उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम यूनिट में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा निजी जानकारी साझा करने से बचें।

टिप्पणियां (0)