फिर शुरू हुआ POSTER WAR, भाजपा के पोस्टर से तिलमिलाई कांग्रेस..
संवाददाता
20 May 2025
अपडेटेड: 12:35 PM 0thGMT+0530
फिर शुरू हुआ POSTER WAR, भाजपा के पोस्टर से तिलमिलाई कांग्रेस..
भारतीय राजनीति में बयानबाजी और पोस्टर वॉर अब एक नए स्तर पर पहुंच गई है. भाजपा के IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दो विवादास्पद पोस्टर शेयर किए हैं.
पहले पोस्टर में राहुल गांधी और पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिफ मुनीर के चेहरों को मिलाकर एक साझा चित्र बनाया गया है. इसके साथ लिखा गया है कि दोनों की विचारधारा एक जैसी है.
मालवीय ने पोस्ट के साथ लिखा, “राहुल गांधी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई तक नहीं दी. वे बार-बार पूछते हैं कि हमने कितने एयरक्राफ्ट खोए, लेकिन कभी यह नहीं पूछते कि हमने पाकिस्तान को कितना नुकसान पहुंचाया.”
राहुल को बताया “आज का मीर जाफर”, पोस्टर में दिखाई पाकिस्तान की गोद में
अमित मालवीय द्वारा शेयर किए गए दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी को मुगल जनरल मीर जाफर के समकक्ष बताया गया है. मीर जाफर भारतीय इतिहास में गद्दारी और विश्वासघात का प्रतीक माना जाता है, जिसने 1757 की प्लासी की लड़ाई में अंग्रेजों का साथ देकर भारत में ब्रिटिश राज की नींव रखी थी.
पोस्टर में राहुल गांधी को पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पीठ पर बैठे हुए दिखाया गया है. राहुल भारतीय सीमा की ओर झांकते हुए पूछते हैं, “हमने कितने एयरक्राफ्ट खोए?” नीचे शहबाज शरीफ कहते हैं, “तेज आवाज में पूछो!” यह पोस्टर सीधा संदेश देता है कि राहुल गांधी की टिप्पणियां पाकिस्तान के हित में मानी जा रही हैं.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर राहुल के तीखे आरोप, भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी ने हाल ही में 4 दिनों के भीतर दो बार विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर निशाना साधा है. उनका आरोप है कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को जानकारी लीक की, जिससे भारतीय वायुसेना को नुकसान हुआ.
19 मई को राहुल ने सोशल मीडिया X पर लिखा, “विदेश मंत्री की चुप्पी निंदनीय है. मैं फिर पूछता हूं – उन्हें ऐसा करने का अधिकार किसने दिया? इससे हमारी वायुसेना को कितने विमान खोने पड़े?”
राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है और कहा कि राहुल के बयानों से भारत की सैन्य रणनीति कमजोर दिखाने की कोशिश हो रही है.