भोपाल में अब पाएं 1150 रुपये में 5 किलो वाला ‘छोटा सिलेंडर’ जानें कैसे करें आवेदन
संवाददाता
8 April 2026
अपडेटेड: 4:15 PM 0thGMT+0530
8 अप्रैल 2026
भोपाल।
राजधानी में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर है। शहर में बड़े सिलेंडर की किल्लत या इमरजेंसी के समय अब 5 किलोग्राम वाला छोटा एलपीजी सिलेंडर ‘संकटमोचन’ बनकर उभरा है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद अब भोपाल की गैस एजेंसियों पर इन छोटे सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ा दी गई है। यह खासकर उन श्रमिकों और छोटे परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है, जिन्हें अचानक गैस की जरूरत पड़ती है।
सिर्फ आईडी कार्ड दिखाएं और सिलेंडर ले जाएं
इस छोटे सिलेंडर को पाने की प्रक्रिया बहुत ही आसान रखी गई है। उपभोक्ताओं को किसी लंबी कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं है। बस अपनी गैस एजेंसी पर जाकर एक पहचान पत्र (ID Proof) दिखाना होगा और उन्हें तुरंत 5 किलो वाला सिलेंडर मिल जाएगा।
कितनी होगी कीमत?
नए उपभोक्ताओं के लिए: जो पहली बार यह छोटा सिलेंडर ले रहे हैं, उन्हें गैस के साथ यह करीब 1150 रुपये में मिलेगा।
पुराने उपभोक्ताओं के लिए: जिनके पास पहले से ही 5 किलो वाला खाली सिलेंडर मौजूद है, वे इसे मात्र 585 रुपये में रिफिल करवा सकते हैं।
40 गैस एजेंसियों को भेजे गए 2000 सिलेंडर
भोपाल जिले की खाद्य आपूर्ति विभाग ने बताया कि भारत गैस, इंडेन और एचपी की कुल 40 गैस एजेंसियों को अब तक लगभग 2000 छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। प्राथमिकता के तौर पर यह सिलेंडर श्रमिकों को दिए जा रहे हैं, लेकिन सामान्य घरेलू उपभोक्ता भी अपनी जरूरत के हिसाब से इन्हें खरीद सकते हैं।
भोपाल जिले में इस समय घरेलू गैस के साढ़े पांच लाख और कमर्शियल गैस के 40 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं। शहर में हर दिन करीब 450 मीट्रिक टन एलपीजी की खपत होती है। अच्छी बात यह है कि भौंरी स्थित गैस डिपो में फिलहाल 1500 मीट्रिक टन गैस का स्टॉक मौजूद है, जो अगले 4 से 5 दिनों की आपूर्ति के लिए पर्याप्त है।
कालाबाजारी पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, शहर में गैस की सप्लाई नियमित रूप से जारी है। किसी भी तरह की कालाबाजारी या किल्लत को रोकने के लिए प्रशासन की टीमें लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घबराएं नहीं और जरूरत पड़ने पर सीधे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें।