भोपाल में प्रॉपर्टी महंगी: 740 इलाकों में बढ़े रेट, कुछ जगहों पर 181% तक उछाल
संवाददाता
24 March 2026
अपडेटेड: 12:38 PM 0thGMT+0530
24 मार्च 2026
भोपाल। राजधानी में प्रॉपर्टी खरीदना अब और महंगा होने जा रहा है। 2026-27 के लिए कलेक्टर गाइडलाइन के फाइनल ड्राफ्ट में शहर की 2177 लोकेशन में से 740 जगहों पर प्रॉपर्टी दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है।
नगर निगम सीमा के अंदर आने वाली 607 लोकेशनों पर 5% से लेकर 181% तक वृद्धि की बात कही गई है। कुछ इलाकों में तो दरें दोगुने से भी ज्यादा बढ़ाई गई हैं। निर्मल सिटी (भानपुर) में रेट 6400 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गए हैं, जो करीब 181% की वृद्धि है। वहीं जहांगीराबाद के मुर्गी बाजार में 32,000 से बढ़कर 80,000 रुपये तक पहुंचने का प्रस्ताव है।
मेड़रा-मेंडोरी क्षेत्र में दरें 6000 से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई हैं, यानी लगभग 67% की बढ़ोतरी। हालांकि भौंरी के प्लॉट में दरों में 29% की कमी भी दर्ज की गई है।
एयरपोर्ट रोड, अयोध्या बायपास, बावड़ियाकलां-मिसरोद और नीलबड़ जैसे क्षेत्रों में भी 10% से 60% तक की वृद्धि प्रस्तावित है, जबकि कोलार क्षेत्र में 2.5% से 22% तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
इस प्रस्ताव को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में मंजूरी दी गई है और अब इसे केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजा गया है। अंतिम मुहर 26 मार्च को लगने की संभावना है, जिसके बाद 1 अप्रैल से नई दरें लागू हो सकती हैं।
गौरतलब है कि पहले औसतन 1.5% बढ़ोतरी का अनुमान था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर करीब 12% तक कर दिया गया है। नई गाइडलाइन पर 63 सुझाव आए, जिनमें से 4 को स्वीकार किया गया, जबकि 22 को खारिज कर दिया गया।