भोपाल में बम धमकी से हड़कंप: संभागायुक्त कार्यालय खाली कराया गया
संवाददाता
24 March 2026
अपडेटेड: 12:10 PM 0thGMT+0530
24 मार्च 2026
भोपाल। राजधानी में बम धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को संभागायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अफसरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बैठक के दौरान ही सभी लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया।
धमकी भरा ई-मेल सुबह करीब 10:30 बजे मिला, जिसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ता और पुलिस टीम पहुंची और पूरे कार्यालय की जांच की गई। साथ ही कलेक्टर कार्यालय में चल रही बैठक में भी इस घटना को लेकर चर्चा हुई और सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कार्यालय खाली कराने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार, पिछले एक महीने में राजधानी में कई सरकारी विभागों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। सिर्फ पिछले एक साल में ही 16 ऐसे ई-मेल सामने आए हैं, लेकिन अब तक भेजने वाले का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस का मानना है कि ये ई-मेल शरारती तत्वों द्वारा भेजे जा रहे हैं, हालांकि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। तकनीकी जांच में सामने आया है कि इन ई-मेल से जुड़े आईपी एड्रेस अक्सर विदेशों के लोकेशन दिखाते हैं, जिससे असली आरोपी तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है और लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना दें।