भोपाल से झारखंड तक सफर हुआ आसान : सीएम ने दिखाई नई ट्रेन को हरी झंडी

khabar pradhan

संवाददाता

25 February 2026

अपडेटेड: 1:15 PM 0thGMT+0530

भोपाल से झारखंड तक सफर हुआ आसान : सीएम ने दिखाई नई ट्रेन को हरी झंडी

भोपाल से झारखंड के बीच रेल सेवा को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने रांची रोड, टोरी और गढ़वा रोड को जोड़ते हुए एक नई ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे दोनों राज्यों के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नई सेवा को क्षेत्रीय विकास की दिशा में अहम बताया गया।

भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस
यह नई ट्रेन 27 फरवरी से नियमित रूप से संचालित होगी। भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस (11631/11632) यात्रियों को सीधी सुविधा प्रदान करेगी, जिससे सफर का समय और परेशानी दोनों कम होंगे।

भोपाल से यह ट्रेन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि धनबाद (चोपन) से बुधवार, शनिवार और रविवार को सेवा उपलब्ध रहेगी। इससे कामकाजी और पारिवारिक यात्रियों को यात्रा योजना बनाने में आसानी होगी।

मध्य प्रदेश और झारखंड के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी:
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से मध्य प्रदेश और झारखंड के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे व्यापार, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े कार्यक्रम में भोपाल और सीधी के सांसद आलोक शर्मा, डॉ राजेश मिश्रा, भोपाल रेल मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी, सीनियर डीएम सौरभ कटारिया सहित तमाम जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सिंगरौली सीधी क्षेत्र लंबे समय से नियमित रेल संपर्क से वंचित था।  रेल सेवाओं से क्षेत्र को आवागमन, व्यापार, रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और मध्य प्रदेश झारखंड और पूर्वी भारत के बीच संपर्क मजबूत होगा।

रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में मध्य प्रदेश से जुड़े लगभग 48 हजार करोड रुपए के रेल प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए हैं ,जबकि 15 हजार करोड रुपए के कार्य प्रगति पर हैं।

इसमें इंदौर मनमा परियोजना, इटारसी नागपुर चौथी लाइन,इटारसी भोपाल बीना विस्तार ,रतलाम नागदा तीसरी चौथी लाइन ,डांकुनी सूरत समर्पित मालवाहक कॉरिडोर और जबलपुर गोंदिया दोहरीकरण शामिल है।

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार इन ट्रेनों से सिंगरौली ,शहडोल ,कटनी, सागर जैसे औद्योगिक और कोयला क्षेत्र को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

टिप्पणियां (0)