मध्यप्रदेश में बढ़ी गर्मी: कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 4.5°C ज्यादा
संवाददाता
16 March 2026
अपडेटेड: 5:34 PM 0thGMT+0530
16 मार्च 2026
भोपाल। मार्च के मध्य में प्रदेश में दिन के समय तेज गर्मी महसूस की जा रही है। खासतौर पर दिन में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज हो रहा है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश के कई बड़े शहरों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
आईएमडी भोपाल के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार दिनों के बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है। प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तर और दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
वर्तमान में नर्मदापुरम में लू का असर बना हुआ है। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 3.4 से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
इसके अलावा इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 2.6 से 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, और महाकौशल के आठ जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट भी जारी किया है।