विजिलेंस अफसर की हत्या की साजिश का खुलासा

khabar pradhan

संवाददाता

4 April 2025

अपडेटेड: 9:23 AM 0thGMT+0530

विजिलेंस अफसर की हत्या की साजिश का खुलासा

विजिलेंस अफसर की हत्या की साजिश का खुलासा

दो शूटरों को किया था हायर

मेरठ और सहारनपुर में इंडियन ओवरसीज बैंक घोटाले की जांच कर रहे विजिलेंस अधिकारी पर हुए दो बार हमलों में बैंक मैनेजर की भूमिका सामने आई है। वही बैंक में करोड़ों के घोटाले को दबाने के लिए बैंक मैनेजर ने ही एक शख्स को विजिलेंस अफसर की हत्या करने की सुपारी दी थी। हत्या करने के लिए देवबंद से दो शूटरों को हायर किया गया था।

यूपी के मेरठ और सहारनपुर में इंडियन ओवरसीज बैंक में हुए करोड़ों के लोन घोटाले को दबाने के लिए एक खौफनाक साजिश रची गई। बैंक में हुए फर्जी लोन घोटाले की गोपनीय रिपोर्ट को रोके जाने के मकसद से विजिलेंस अफसर जितेंद्र कुमार की हत्या की साजिश रची गई थी। उन पर दो बार हमला हुआ, लेकिन दोनों बार वे बाल-बाल बच गए। मेरठ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहारनपुर स्थित बैंक ब्रांच का मैनेजर मनोज कुमार अभी भी फरार है।

एसपी सिटी मेरठ आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, 24 फरवरी को परतापुर क्षेत्र में बिजली बंबा रोड पर विजिलेंस अफसर जितेंद्र कुमार पर गोली चलाई गई थी। इसके बाद 1 मार्च को सहारनपुर के रामपुर मनिहार में उन पर दोबारा हमला हुआ। दोनों हमलों में वह सुरक्षित बच गए थे। जांच में सामने आया कि ये हमले सहारनपुर में बैंक में हुए बड़े लोन घोटाले से जुड़े थे।

एसपी सिटी ने कहा कि सहारनपुर के घंटाघर ब्रांच में तैनात बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने विजिलेंस अफसर की हत्या की साजिश रची थी। वही बैंक में चल रहे फर्जीवाड़े की जांच विजिलेंस टीम कर रही थी, जिसमें खुद मनोज कुमार की संलिप्तता सामने आई थी। साथ ही साजिश के तहत मनोज ने लोन डिफॉल्टर बाबर निवासी सहारनपुर से संपर्क किया और हत्या की सुपारी दी।

एसपी सिटी आयुष बिक्रम सिंह ने कहा कि बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने बाबर को लालच दिया कि यदि वह विजिलेंस अफसर की हत्या करवा देता है, तो उसका लोन माफ करवा देगा। इसके एवज में उसे 65 हजार रुपये भी दिए गए, जिनसे रेकी और हथियार खरीदे गए। बाबर ने देवबंद के दो शख्स कार्तिक शर्मा और निखिल शर्मा को शूटर के रूप में बुलाया।

दोनों ने जितेंद्र कुमार की रेकी की और उन पर जानलेवा हमले भी किए। पुलिस ने बाबर, निखिल और कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ मेरठ और सहारनपुर में मुकदमा दर्ज है। फिलहाल बैंक मैनेजर मनोज कुमार फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जांच में खुलासा हुआ है कि सहारनपुर की मंगलपांडेनगर और घंटाघर ब्रांच में पिछले एक वर्ष में 40 से 50 लोन फाइलें पास की गई थीं। इन पर 5 करोड़ से अधिक का लोन जारी किया गया। चेन्नई स्थित बैंक हेड ऑफिस और विजिलेंस टीम ने जब जांच की, तो पाया गया कि लोन लेने वाले अधिकांश आवेदकों के दस्तावेज फर्जी थे।

फर्जी आधार कार्ड और कागजातों के आधार पर लोन जारी किए गए। शुरुआती अनुमान है कि यह घोटाला 20 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है। बैंक के अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

चेन्नई से विजिलेंस अफसर जितेंद्र कुमार और अरविंद चौधरी को जांच के लिए सहारनपुर भेजा गया था। उन्होंने दोनों शाखाओं की जांच कर साक्ष्य जुटाए और रिपोर्ट तैयार की थी, जिसे मेरठ ब्रांच और हेड ऑफिस में जमा किया जाना था। इससे पहले ही जितेंद्र कुमार को निशाना बनाया गया। पुलिस अब इस घोटाले से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। बैंक मैनेजर मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद और भी कई चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

टिप्पणियां (0)