हादसा: मनीषा मार्केट में गैस सिलेंडर फटने से 6 दुकानें जलकर खाक, बोट क्लब के पास जंगल में भी लगी आग

khabar pradhan

संवाददाता

7 April 2026

अपडेटेड: 1:06 PM 0thGMT+0530

7 अप्रैल 2026
भोपाल:

राजधानी भोपाल में सोमवार के दिन आगजनी की दो बड़ी घटनाएं हुईं। शहर के व्यस्त मनीषा मार्केट में गैस सिलेंडर फटने से हुए जोरदार धमाके ने इलाके में दहशत फैला दी। इस हादसे में 6 दुकानें पूरी तरह जल गईं। वहीं, दूसरी घटना मुख्यमंत्री आवास के पीछे बोट क्लब रोड पर हुई, जहां जंगल में भीषण आग लग गई। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया ,गनीमत यह रही कि दोनों ही हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई।

मनीषा मार्केट: धमाके से मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, शाहपुरा स्थित मनीषा मार्केट के फुटपाथ पर चाय-नाश्ते की कई दुकानें हैं। सुबह अचानक एक दुकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की गर्मी से एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
दुकान में तीन सिलेंडर रखे थे, जिनमें से एक फट गया। दमकलकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाकी दो सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, वरना हादसा और भी भयानक हो सकता था।
दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू
आग की खबर मिलते ही कोलार, माता मंदिर, फतेहगढ़ और आईएसबीटी फायर स्टेशनों से 5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पुलिस बल ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। व्यापारियों को इस अग्निकांड में काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।

बोट क्लब रोड: सूखी पत्तियों ने पकड़ी आग
दूसरी घटना सुबह करीब 8:30 बजे बोट क्लब रोड पर हुई। आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने की वजह से सूखी पत्तियों में आग लग गई।
हवा के कारण आग तेजी से फैली और कई पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग को बुझा दिया गया, जिससे प्राकृतिक संपदा को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि दोनों ही मामलों की जांच की जा रही है। शहर में बढ़ रही गर्मी को देखते हुए व्यापारियों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिजली के उपकरणों और गैस सिलेंडरों के रख-रखाव में विशेष सावधानी बरतें।

टिप्पणियां (0)