अश्लील सामग्री पर सख्ती, सरकार ने 5 ओटीटी प्लेटफॉर्म किए ब्लॉक
संवाददाता
25 February 2026
अपडेटेड: 3:15 PM 0thGMT+0530
ऑनलाइन आपत्तिजनक सामग्री पर सख्त हुई सरकार
प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट को लेकर केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। डिजिटल स्पेस में बढ़ती शिकायतों और नियमों के उल्लंघन के बीच सरकार ने पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया है, जिससे ऑनलाइन सामग्री पर निगरानी और सख्त हो गई है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की कार्रवाई, कानूनी प्रक्रिया का पालन
आधिकारिक जानकारी के अनुसार सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए की है। मंत्रालय का कहना है कि संबंधित प्लेटफॉर्म पर ऐसी सामग्री उपलब्ध थी, जिसे अश्लील और आपत्तिजनक माना गया और यह डिजिटल नियमों का उल्लंघन था।
इन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चला कार्रवाई का डंडा
सरकार ने मूडएक्सबीआईपी, कोयल प्लेप्रो, डिजी मूवी plex , फील और जुगनू नाम के पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म को ब्लॉक किया है। इन प्लेटफॉर्म पर दिखाए जा रहे कंटेंट को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच के आधार पर यह फैसला लिया गया।
डिजिटल स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी गई है, लेकिन इसके साथ नियमों और सामाजिक मर्यादाओं का पालन भी जरूरी है। सरकार का मानना है कि स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है, इसलिए किसी भी तरह की अनुचित सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगी निगरानी, नियम तोड़ने पर सख्त कदम
सरकार ने संकेत दिए हैं कि ऑनलाइन कंटेंट पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि कोई भी प्लेटफॉर्म नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि डिजिटल माध्यमों पर सुरक्षित और संतुलित वातावरण बना रहे l