आतिशी का बयान CM दफ्तर से भगत सिंह और अम्बेडकर की तस्वीर
संवाददाता
24 February 2025
अपडेटेड: 12:28 PM 0thGMT+0530
दिल्ली सरकार सिख-दलित विरोधी, सीएम ऑफिस में दिखी पीएम की फोटो
दिल्ली। विधानसभा के सत्र के दौरान सोमवार को विपक्ष ने हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा के सत्ता में आते ही सीएम ऑफिस से बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई हैं।
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा की मानसिकता सिख और दलित विरोधी है। उन्होंने कहा- अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के हर दफ्तर में बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगाई थीं।
सीएम ऑफिस को लेकर आतिशी ने दिया बयान:
आतिशी के आरोप लगाने के करीब 2 घंटे बाद दिल्ली बीजेपी ने CM रेखा गुप्ता के दफ्तर की नई तस्वीर जारी की। इसमें रेखा गुप्ता की सीट के पीछे वाली दीवार पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पीएम मोदी और महात्मा गांधी की तस्वीर नजर आ रही हैं। पास वाली दीवार पर बाबा साहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें नजर आ रही हैं।
बीजेपी ने किया पलटवार:
प्रवेश वर्मा ने कहा- आप दा वालों का एक ही काम है दिल्ली में विकास नहीं करना। उनके पास 10 साल का समय था। लेकिन उन्होंने दिल्ली में हालात खराब कर दिए। आज भी उन्होंने सदन की पवित्रता को ठेस पहुंचाई।
तरविंदर सिंह मारवाह ने कहा- कोई फोटो नहीं हटाई गई है। वे कहीं से भी फोटो लेकर आए हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के विरोध प्रदर्शनों से अपने करियर की शुरुआत की, हमें लगा कि अरविंद केजरीवाल ही एकमात्र व्यक्ति हैं जो झूठ बोलते हैं। लेकिन दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी उनसे भी आगे हैं।
आप विधायकों ने किया सीएम ऑफिस के बाहर प्रदर्शन:
सोमवार को विपक्ष की नेता आतिशी के साथ AAP विधायकों ने CM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान आप विधायकों ने कहा- भाजपा ने पहली कैबिनेट बैठक में दिल्ली की महिलाओं को ₹2500 देने का जो वादा किया था, उसे पूरा करें।
CM रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि विधानसभा के इसी सत्र में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश की जाएंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि आप सरकार की गलत शराब नीति से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
एलजी सक्सेना 25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट पेश की जाएगी। फिर LG के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए विधानसभा में चर्चा होगी। दिल्ली विधानसभा सत्र 27 फरवरी तक चलेगा।