एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच रिटायर्ड मास्टर के घर सिलेंडरों की जमाखोरी –25 गैस टंकियां जप्त:
संवाददाता
11 March 2026
अपडेटेड: 9:02 PM 0thGMT+0530
11 मार्च 2026:
मध्य प्रदेश छतरपुर:
देश और प्रदेश भर में जहां घरेलू गैस एलपीजी को लेकर उपभोक्ताओं के बीच अफरा तफरी का माहौल है वहीं कालाबाजारी करने वाले लोगों ने इस संकट का फायदा उठाकर माहौल को खराब करने की कोशिश की है। लेकिन प्रशासन ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
प्रशासन को सूचना मिली कि छतरपुर के वार्ड नंबर 3 के विश्वनाथ कॉलोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार के घर में भारी मात्रा में अवैध रूप से सिलेंडर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही तहसीलदार और खाद्य विभाग की टीम ने सिटी कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर देर रात घर पर दबिश दी। नायब तहसीलदार शशांक जैन ने बताया कि तलाशी के दौरान घर के अंदर से कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
इनमें से तीन सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए थे और 22 सिलेंडर खाली पाए गए।
प्रशासन ने मौके पर ही सभी सिलेंडरों को जप्त कर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों का इस्तेमाल बाजार में ऊंचे दामों पर कालाबाजारी करने के लिए जमा किया गया था। खाद्य विभाग की टीम और राजस्व विभाग की टीम ने रिटायर्ड शिक्षक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शिक्षक के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।