कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती की विधायकी समाप्त होने के बाद राजनीति में हलचल तेज :
संवाददाता
8 April 2026
अपडेटेड: 5:28 PM 0thGMT+0530
8 अप्रैल 2026:
मध्य प्रदेश/ दतिया/
दतिया विधानसभा सीट को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल गर्मा गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में दतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सजा के खिलाफ दायर अपील पर मंगलवार को सुनवाई हुई। हाई कोर्ट की इस सुनवाई में दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने अगली तारीख 15 अप्रैल तय की है।
दरअसल बैंक फ्रॉड मामले में दतिया के कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को 2 अप्रैल को दिल्ली की एमपी/एमएलए कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी। जिससे दतिया सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया। अब इस सीट पर उपचुनाव होने की संभावना बन गई है।
दतिया विधानसभा सीट पर नजर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत से बंद कमरे में मिले नरोत्तम मिश्रा:
भोपाल दतिया से कांग्रेस विधायक रहे राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद सियासी चहलकदमी तेज हो गई है। भाजपा ने तो अभी से उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बीच राजधानी में बंद कमरे में तकरीबन आधा घंटे तक चर्चा चली। प्रदेश अध्यक्ष के भोपाल स्थित आवास में इस मुलाकात को दतिया चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने अभी से इस सीट को लेकर गुणा-भाग शुरू कर दिया है। दतिया पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का मजबूत गढ़ रही है। वे यहां से तीन बार जीते, लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें राजेंद्र भारती से हार मिली थी।
27 साल पुराने मामले में भारती को कोर्ट से झटका:
दतिया से कांग्रेस विधायक रहे राजेंद्र भारती को दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बीते दिनों 27 साल पुराने एक बैंक फ्रॉड मामले में दोषी पाया था। उन्हें विभिन्न मामलों में अधिकतम तीन साल की सजा मिली। उधर कोर्ट का फैसला आते ही उसी दिन विधानसभा सचिवालय ने उनकी विधायकी निरस्त कर दी। हालांकि एक्शन नियमों के अनुरूप हुए, लेकिन कांग्रेस ने इसे सरकार की साजिश करार दिया था।