कांस फिल्म फेस्टिवल 2025 के रेड कार्पेट पर नैंसी त्यागी…
संवाददाता
20 May 2025
अपडेटेड: 12:41 PM 0thGMT+0530
कांस फिल्म फेस्टिवल 2025 के रेड कार्पेट पर नैंसी त्यागी:
Cannes 2024 में अपने रैम्प वॉक से सुर्खियां बटोरने वाली नैन्सी त्यागी एक बार फिर से चर्चा में हैं। नैन्सी त्यागी ने Cannes 2025 में भी हिस्सा लिया और अपनी ड्रेस के लिए तारीफें बटोर रही थीं।
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 के रेड कार्पेट पर फैशन :
इंफ्लुएंसर नैंसी त्यागी ने एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। सोशल मीडिया पर 30 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली नैंसी शुरुआत में बड़े फैशन डिजाइनरों की ड्रेस देखकर रील्स बनाती थीं। उनके रील्स ने उन्हें इंटरनेट सेंसेशन बना दिया। उनकी प्रसिद्धि के पीछे नैंसी के अथक संघर्ष और प्रेरक यात्रा की कहानी है।
उत्तरप्रदेश के एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मी और पली-बढ़ीं नैंसी का शुरुआती जीवन अंतरराष्ट्रीय फैशन परिदृश्य की चकाचौंध से बहुत दूर था। वह अपनी गुड़ियों के लिए डिजाइनर कपड़े सिलती थीं। उनकी मां ने उन्हें बडे सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया। उनका परिवार दिल्ली आ गया, जहां नैंसी का लक्ष्य आगे की पढ़ाई और UPSC की कोचिंग करना था। लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। उन्होंने एक कैमरा, लाइट और एक फोन खरीदा। इन गैजेट्स ने उन्हें डिजिटल दुनिया में अपना रास्ता बनाने में मदद की।
78वें कान्स में पहनी यह ड्रेस खुद उन्होंने डिजाइन की थी। उनका सिल्वर रंग का गाउन प्रिंसेस फ्लोरल गाउन की तरह यूनीक बनावट वाला था। फैशन ब्लॉगर सूफी मोतीवाला ने इंस्टाग्राम पर नैंसी की रेड कार्पेट क्लिप्स शेयर करते हुए उन्हें द डॉल ऑफ द कान्स फिल्म फेस्टिवल का नाम दिया और यह भी बताया कि नैंसी ने जिस कपड़े से यह गाउन बनाया है, वह दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके सीलमपुर से खरीदा गया था।
यह बेहद खास और डिटेलिंग से भरा गाउन डीप नेकलाइन का था, जो उन्हें ग्लैमरस लुक दे रहा था। गाउन का बॉडिस कॉर्सेट स्टाइल में उनकी फिगर को खूबसूरती से हाईलाइट कर रहा था। उनकी यह रेड कार्पेट अपीयरेंस न सिर्फ उनके फैशन सेंस को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे एक साधारण लड़की अपने टैलेंट और मेहनत से ग्लोबल स्टेज पर अपनी पहचान बना सकती है।मगर अब सिंगर और बिग बॉस ओटीटी की कंटेस्टेंट नेहा भसीन ने इस ड्रेस को लेकर सवाल उठाए ,
जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
नैन्सी त्यागी कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहने गए आउटफिट को लेकर दावा किया था कि यह ड्रेस उन्होंने खुद डिज़ाइन की है और खुद ही इसे स्टिच किया है। मगर सिंगर नेहा भसीन और मुंबई के एक फैशन बुटीक ‘The Source Bombay’ ने नैन्सी के दावे पर सवाल उठाए हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
सबसे पहले सिंगर नेहा भसीन ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वो कॉन्सर्ट में बिल्कुल वैसी ही ड्रेस पहनी दिख रही हैं जैसी नान्सी ने कान्स में पहनी थी।
पोस्ट करते हुए नेहा भसीन ने लिखा, “यह कॉर्सेट बहुत जाना-पहचाना लग रहा है।” उन्होंने इशारा किया कि ये ड्रेस नैन्सी का खुद का डिजाइन नहीं है। इसके बाद उन्होंने अपनी एक और तस्वीर पोस्ट की और लिखा- सेम सेम।
हालांकि इस पर कई लोगों ने नैन्सी का सपोर्ट किया और कहा कि नैन्सी कभी नहीं कहती हैं कि वो अपने ड्रेस खुद डिजाइन करती हैं बल्कि वो तो डिजाइनर ड्रेसेज को रीक्रिएट करती हैं। लेकिन विवाद यहीं पर नहीं थमा।
‘The Source Bombay’ बुटीक की संस्थापक, सुरभि गुप्ता, ने कन्फर्म किया कि नैन्सी ने यह ड्रेस उनके स्टोर से ₹25,000 में खरीदी थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ड्रेस के साथ पहना गया केप नैन्सी ने खुद बनाया हो सकता है। सुरभि ने कहा कि उन्होंने हमसे ये ड्रेस खरीदी थी तो वो इसे अपनी पसंद के अनुसार इस्तेमाल कर सकती हैं लेकिन निश्चित रूप से ये ड्रेस हमारी है।
नैन्सी का दावा
नैन्सी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा था कि यह ड्रेस उन्होंने खुद बनाई है। उन्होंने कहा कि वो अपनी माँ के पसंदीदा रंग में ड्रेस डिजाइन करना चाहती थीं और इसे बनाने में उन्हें एक महीने का समय लगा। नैन्सी ने लिखा कि इसे बनाने में उन्हें एक महीना लगा। उन्होंने ये भी लिखा, “मैंने आखिरी मिनट तक तैयारी की क्योंकि ड्रेस बहुत वजनदार थी।”
अब सोशल मीडिया पर नैन्सी को मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कुछ लोग उनके काम की तारीफ कर रहे हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि फैशन इंडस्ट्री में क्रेडिट और ट्रांसपैरेंसी जरूरी है।
लोगों का कहना है कि अगर नैन्सी ने सिर्फ केप बनाया था तो वो ये बात बोल सकती थीं मगर उन्होंने पूरी सच्चाई नहीं रखी है। इन विवादों पर अभी तक नैन्सी त्यागी का कोई जवाब नहीं आया है।