किसानों के लिए बड़ी सौगात: उड़द पर ₹600 बोनस, 1 लाख नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी होंगे

khabar pradhan

संवाददाता

17 March 2026

अपडेटेड: 11:41 AM 0thGMT+0530

किसानों के लिए बड़ी सौगात: उड़द पर ₹600 बोनस, 1 लाख नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी होंगे

17 मार्च 2026
भोपाल। प्रदेश में उड़द की खेती करने वाले किसानों को अब न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ प्रति क्विंटल 600 रुपये का बोनस मिलेगा। इसके अलावा राज्य में 1 लाख नए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जारी किए जाएंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘कृषि वर्ष 2026’ के तहत कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यशाला के दौरान की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को कृषि पंप के लिए बिजली कनेक्शन मात्र 5 दिनों में दिया जा रहा है, जिससे खेती को बढ़ावा मिल रहा है।

राज्य में सिंचाई क्षेत्र को बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन जैसे अतिरिक्त आय स्रोतों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसके साथ ही दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए दूध के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। नई शिक्षा सत्र से पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूलों में मुफ्त दूध दिया जाएगा, जिससे कुपोषण कम होगा और दूध की खपत बढ़ेगी।

सरकार ने फल, सब्जी और औषधीय फसलों को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का फैसला किया है। वहीं ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, एवोकाडो और ब्रोकोली जैसी हाई-वैल्यू फसलों की खेती को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

टिप्पणियां (0)