कुबेरश्वर धाम में आज से रुद्राक्ष महोत्सव, हजारों श्रद्धालु पहुंचे

khabar pradhan

संवाददाता

14 February 2026

अपडेटेड: 2:14 PM 0thGMT+0530

कुबेरश्वर धाम में आज से रुद्राक्ष महोत्सव, हजारों श्रद्धालु पहुंचे



सीहोर के कुबेरश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव का शुभारंभ शनिवार से हो रहा है। महोत्सव शुरू होने से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और कथा स्थल पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यह पांच दिवसीय महोत्सव 20 फरवरी तक चलेगा।

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और विट्ठलेश सेवा समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए 85 एकड़ में स्थान तैयार किया गया है। आयोजन स्थल पर व्यवस्था संभालने के लिए 1200 से अधिक सेवादार तैनात किए गए हैं।

महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध संतों और कथा वाचकों का समागम भी होगा। कार्यक्रम में 17 फरवरी को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, 19 फरवरी को पंडित देवकीनंदन ठाकुर और 20 फरवरी को आचार्य कौशिक महाराज धाम पहुंचेंगे।

15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व ‘ग्रीन शिवरात्रि’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर पर्यावरण गतिविधियों से जुड़े गोपाल आर्य और पद्मश्री डॉ. उमा शंकर पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसर में 256 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 10 से अधिक वॉच टावरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा, 1,235 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। महोत्सव को लेकर धाम परिसर में लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है।

टिप्पणियां (0)