गैस को लेकर अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं: सरकार बोली– स्टॉक पर्याप्त
संवाददाता
13 March 2026
अपडेटेड: 3:04 PM 0thGMT+0530
13 मार्च 2026
भोपाल l प्रदेश में गैस की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच सरकार ने स्पष्ट किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार का दावा है कि प्रदेश में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है।
मुख्य सचिव ने हालात की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक भी की, जिसमें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित अधिकारियों से गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिलते रहेंगे।
सरकार ने यह भी कहा कि कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर बुक करा रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
इधर प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई तेज कर दी है। इंदौर के गौतमपुरा क्षेत्र में छापेमारी कर 66 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, वहीं छतरपुर में भी कार्रवाई करते हुए बिलहरी के एक वाटर प्लांट से 13 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए।
प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडर का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और गैस की आपूर्ति सुचारु बनी रहे।