टी-20 विश्व कप : पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर 50-50 लाख का जुर्माना
संवाददाता
3 March 2026
अपडेटेड: 4:01 PM 0rdGMT+0530
3 मार्च 2026
नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सख्त कार्रवाई की है। बोर्ड ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 16.28 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुपर-8 चरण में जगह बनाने में असफल रहने के बाद यह निर्णय लिया गया। पाकिस्तान टीम लगातार चौथी आईसीसी प्रतियोगिता में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। टीम को सुपर 8 चरण में ही बाहर होना पड़ा। श्रीलंका के खिलाफ 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 147 रन ही बना सकी और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
बताया जा रहा है कि इस फैसले से खिलाड़ियों में नाराजगी है, क्योंकि विश्व कप से बाहर होने पर पहले ही उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, टीम के प्रदर्शन से सरकार के प्रभावशाली हलकों में भी निराशा है। आम जनता में भी टीम के प्रदर्शन को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने भी खराब प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेले गए मैच की हार के बाद ही जुर्माने का निर्णय ले लिया गया था। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते बोर्ड ने खिलाड़ियों को कड़ा संदेश देने का फैसला किया है।