डंपर की टक्कर से रेस्टोरेंट संचालक गंभीर रूप से घायल
संवाददाता
30 January 2026
अपडेटेड: 12:43 PM 0thGMT+0530
थाना क्षेत्र अंतर्गत लालघाटी और वीआईपी गेस्ट हाउस के बीच गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार उससे टकरा गई। हादसे में कार सवार रेस्टोरेंट संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार डंपर में ओवरलोड रेत भरी हुई थी। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रही वैगनआर कार डंपर से जा भिड़ी। दुर्घटना में कार सवार हिमांशु वाधवानी (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। वे ईदगाह हिल्स स्थित प्रभु नगर के निवासी हैं।
घायल हिमांशु वाधवानी को तत्काल हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बताया गया कि वे बागसेवनिया थाना क्षेत्र की खजूरी सड़क स्थित कोलखेड़ी में संचालित थ्री लोक रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रहे थे।
घटना के समय हिमांशु के पिता अनिल कुमार वाधवानी और दादा धनश्याम वाधवानी (58 वर्ष) पीछे-पीछे एक अन्य वाहन से आ रहे थे। हादसे के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में डंपर के ओवरलोड होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।