डेटिंग ऐप पर मुलाकात हुई, शादी का दबाव बनाया तो प्रेमी ने परिवार के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी

khabar pradhan

संवाददाता

14 February 2026

अपडेटेड: 6:49 PM 0thGMT+0530

भोपाल के निशातपुरा इलाके में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव सेप्टिक टैंक में मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें खुलासा हुआ कि हत्या युवती के प्रेमी और उसके परिवार ने मिलकर की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की रहने वाली थी। उसकी मुलाकात आरोपी समीर से एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और युवती अक्टूबर 2025 में भोपाल आकर समीर के साथ रहने लगी थी।

शादी को लेकर हुआ विवाद

पुलिस ने बताया कि समीर युवती से शादी नहीं करना चाहता था, लेकिन युवती लगातार उस पर शादी और साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।

पूछताछ में सामने आया कि समीर ने अपने भाई, बहन और मां के साथ मिलकर 7 फरवरी की रात युवती की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को लोहे की पेटी में भरकर घर में ही रखा गया।

इसके बाद आरोपियों ने शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस को 8 फरवरी की रात एक सेप्टिक टैंक में शव होने की जानकारी मिली। शव को पेटी सहित सेप्टिक टैंक में डालकर रस्सी से बांधकर फेंक दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, समीर और युवती साथ रह रहे थे, लेकिन समीर उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। युवती लगातार पैसों और शादी की मांग कर रही थी। परेशान होकर समीर ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और पूछताछ के आधार पर समीर, उसकी मां शहनाज बी, भाई साहिल और बहन साइमा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

टिप्पणियां (0)