डोनाल्ड ट्रम्प का बड़ा बयान: “एपल को भारत में फैक्ट्री लगाने की जरूरत नहीं”

khabar pradhan

संवाददाता

15 May 2025

अपडेटेड: 12:25 PM 0thGMT+0530

डोनाल्ड ट्रम्प का बड़ा बयान: “एपल को भारत में फैक्ट्री लगाने की जरूरत नहीं”

टिम कुक से की सीधी बातचीत

टिम कुक से की सीधी बातचीत

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर अपने बेबाक बयानों से सुर्खियां बटोरी हैं. इस बार उनका निशाना बना है अमेरिका की टेक्नोलॉजी दिग्गज कंपनी एपल और उसकी भारत में हो रही मैन्युफैक्चरिंग. कतर की राजधानी दोहा में आयोजित एक बिजनेस लीडर्स के कार्यक्रम में ट्रम्प ने खुलासा किया कि उन्होंने एपल के सीईओ टिम कुक से कहा है कि भारत में फैक्ट्रियां लगाने की कोई जरूरत नहीं है.
ट्रम्प के अनुसार, “मैं नहीं चाहता कि एपल भारत में अपने प्रोडक्ट्स बनाए. इंडिया अपना ख्याल खुद रख सकता है. एपल को अमेरिका में ही प्रोडक्शन बढ़ाना होगा.”

भारत में तेज़ी से बढ़ रही एपल की मैन्युफैक्चरिंग:

ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय में आया है जब एपल भारत में आईफोन उत्पादन को तेजी से बढ़ा रहा है. एपल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिकी बाजार में बिकने वाले लगभग 50% आईफोन अब भारत में बनाए जा रहे हैं. अप्रैल-जून तिमाही में भारत ‘कंट्री ऑफ ओरिजिन’ बन जाएगा यानी अमेरिका में बिकने वाले कई आईफोन पर “मेड इन इंडिया” का टैग होगा.
टिम कुक ने यह भी बताया कि एपल वॉच और एयरपॉड्स जैसे अन्य उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग वियतनाम में हो रही है, लेकिन आईफोन के लिए भारत अब प्रमुख उत्पादन केंद्र बनता जा रहा है.

2026 तक सालाना 6 करोड़ आईफोन भारत में बनेंगे:

फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एपल चीन पर अपनी निर्भरता कम करना चाहती है और इसीलिए वह भारत और वियतनाम जैसे देशों में मैन्युफैक्चरिंग शिफ्ट कर रही है.
रिपोर्ट के अनुसार, यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो 2026 तक भारत में सालाना 6 करोड़ से अधिक आईफोन का निर्माण होगा. यह मौजूदा उत्पादन क्षमता का लगभग दोगुना है.
मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच एपल ने भारत में करीब 22 बिलियन डॉलर (लगभग ₹1.88 लाख करोड़) के आईफोन बनाए, जो पिछले साल की तुलना में 60% की वृद्धि है.
इतना ही नहीं, एपल ने इसी अवधि में भारत से 17.4 बिलियन डॉलर (₹1.49 लाख करोड़) के आईफोन एक्सपोर्ट भी किए.
आज भारत दुनिया का एक बड़ा iPhone हब बन गया है. हर 5 में से एक आईफोन अब भारत में बनता है.

भारत में कहां बनते हैं आईफोन ?

भारत में आईफोन का उत्पादन मुख्यतः तमिलनाडु और कर्नाटक में होता है.
सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर फॉक्सकॉन है, जो एपल के लिए प्रमुख उत्पादन करता है. इसके अलावा टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और पेगाट्रॉन भी मैन्युफैक्चरिंग में हिस्सेदार हैं.
ट्रम्प के बयान से साफ है कि अमेरिका में घरेलू उत्पादन को लेकर उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है. हालांकि, वैश्विक बाजार की मांग और सप्लाई चेन की रणनीति को देखते हुए एपल जैसी कंपनियां भारत जैसे देशों में निवेश को जरूरी मानती हैं.

टिप्पणियां (0)