दिल्ली के बुराड़ी पुलिस थाने में सीबीआई की रेड से मचा बबाल

khabar pradhan

संवाददाता

27 March 2025

अपडेटेड: 12:14 PM 0thGMT+0530

एसएचओ के फरार होने की खबर

दिल्ली के सागरपुर थाने में सीबीआई ने रात में छापा मारकर दो पुलिसकर्मियों को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया, जबकि तीसरा फरार हो गया। मामला नशीले पदार्थों से जुड़ा है। इस घटना के बाद एसएचओ का अता-पता नहीं है। एसएचओ पर भी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का शक है।
दिल्ली के एक थाने में 26 मार्च की रात सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन की रेड से हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्र ने बताया कि सीबीआई ने सागरपुर थाने में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते दो पुलिसवालों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। उनके साथ मौजूद तीसरा पुलिसकर्मी वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद से एसएचओ का कुछ अता-पता नहीं है। जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने थाने में रेड और दो पुलिसवालों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी। साथ ही यह भी बताया कि एसएचओ के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार हुए पुलिसकर्मी थाने की क्रैक टीम के हैं। दरअसल, इलाके में नशीले पदार्थ बेचने वाले जोगा सांसी की बहन हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के केस में जेल जाकर बाहर आई थी।

आरोप है कि जोगा सांसी की बहन को अब इलाके में काम करने देने और केस ना करने की एवज में पुलिसवालों ने उससे पैसे मांगे थे। वही बुधवार को युवती सीबीआई को लेकर रिश्वत के दो लाख रुपये पुलिसवालों को देने पहुंची थी। साथ ही रकम लेते ही सीबीआई ने पुलिसवालों को दबोच लिया। हालांकि, एक पुलिसकर्मी वहां से भागने में कामयाब रहा।
सूचना यह भी है कि रिश्वत लेने के बाद पकड़े गए एक कॉन्स्टेबल ने एसएचओ को कॉल करके डील हो जाने की जानकारी दी थी, मगर कुछ ही देर में एसएचओ को सीबीआई रेड होने की सूचना मिल गई। इसके बाद वह वहां से भाग गया। आला अधिकारियों के पास एसएचओ की कोई खबर नहीं है। पुलिस एसएचओ का पता लगाने में जुटी है। माना जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए एसएचओ ने यह कदम उठाया है।
सेंट्रल दिल्ली के नबी करीम थाने में तैनात एक बीट के कई पुलिसवाले संगीन आरोपों के घेरे में हैं। उन पर आरोप है कि वे इलाके के होटल मैनेजर के साथ मिलकर वहां रेहड़ी-पटरी वालों से उगाही कर रहे थे। जो रुपये दे रहा था, उसी को वहां रेहड़ी पटरी लगाने की अनुमति दी जा रही थी। जब विजिलेंस की टीम ने वहां रेड की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। हालांकि, विजिलेंस टीम के वहां पहुंचने पर एक हेड कॉन्स्टेबल वहां से फरार हो गया। फिलहाल होटल मैनेजर के पास से वसूला गया कुछ कैश बरामद हुआ है। विजिलेंस टीम की मामले में छानबीन जारी है।
पुलिस सूत्र ने बताया कि नबी करीम इलाके में विजिलेंस रेड हुई थी। विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि वहां बीट में तैनात तीन पुलिसवाले रेहड़ी-पटरी वालों से उगाही कर रहे हैं। इसी सूचना पर विजिलेंस की टीम ने वहां ट्रैप लगाया था। थाने में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल वहां पहुंचा। कई सारे रेहड़ी-पटरी वाले लोग वहां आ गए। कुछ गड़बड़ का एहसास होने पर हेड कॉन्स्टेबल रुपये होटल मैनेजर को देने की बात कहकर वहां से भाग गया। इसके बाद रकम के साथ होटल मैनेजर को पकड़ लिया गया।

विजिलेंस यूनिट में तैनात एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस रेड की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले में अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। होटल मैनेजर से पूछताछ की जा रही है। वहीं, भागे हुए हेड कॉन्स्टेबल और तमाम पुलिसकर्मियों के बारे में पता किया जा रहा है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले पर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। मौके से भागे हेड कॉन्स्टेबल ने थाने में रिपोर्ट की या नहीं और उसके समेत तमाम आरोपी पुलिसवालों पर क्या एक्शन लिया, इन सवालों पर पुलिस अधिकारी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

टिप्पणियां (0)