*दिल्ली में 25 से 27 फरवरी तक लगेगा पूसा कृषि विज्ञान मेला*
संवाददाता
3 February 2026
अपडेटेड: 3:15 PM 0rdGMT+0530
नई दिल्ली में 25 से 27 फरवरी तक पूसा कृषि विज्ञान मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ना है।
मेले के माध्यम से किसानों को उनकी आय बढ़ाने के नए तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इसमें उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक उपकरण, बेहतर बीज और नवाचारों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ किसानों को वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने का व्यावहारिक मार्गदर्शन भी देंगे।
इस वर्ष मेले का मुख्य विषय “विकसित कृषि -आत्मनिर्भर भारत” रखा गया हैl कृषि विज्ञान मेले में महिला किसानों और कृषि उद्यमियों की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया है। महिलाओं के लिए अलग सत्र और कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें उन्हें स्वरोजगार, कृषि आधारित व्यवसाय और नई तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
मेले में यह संदेश दिया जाएगा कि खेती केवल परंपरागत आजीविका नहीं, बल्कि लाभकारी व्यवसाय भी बन सकती है। किसानों को बाजार से जुड़ने, लागत कम करने और मुनाफा बढ़ाने के उपाय बताए जाएंगे।
आयोजकों का कहना है कि इस मेले से किसानों को नई सोच और नई दिशा मिलेगी, जिससे वे अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे।