पश्चिम एशिया में हालात पर पीएम मोदी ने कहा – बातचीत और कूटनीति ही समाधान

khabar pradhan

संवाददाता

3 March 2026

अपडेटेड: 3:36 PM 0rdGMT+0530

3 मार्च 2026

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि भारत सभी विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भारत सभी संबंधित देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में हालात भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि भारत शांति, स्थिरता और संवाद का समर्थन करता है।

ओमान में ‘एमकेडी व्योम ’ नामक एक आयल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की खबर के बाद सरकार की चिंता और बढ़ गई है। भारतीय दूतावास ने बताया कि वह ओमान के अधिकारियों के संपर्क में है ताकि क्षतिग्रस्त जहाज से अन्य भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा सके।

कूटनीतिक मोर्चे पर सोमवार का दिन व्यस्त रहा। एक ओर जहां पीएम मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ वार्ता की, वहीं खाड़ी क्षेत्र के कई शीर्ष नेताओं से भी लगातार संपर्क में रहे। उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और बहरीन के किंग से भी बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जल्द बहाली अत्यंत आवश्यक है। कठिन परिस्थितियों में भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए सऊदी नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया गया।

बहरीन के किंग से बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत बहरीन पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है और इस मुश्किल समय में भारत बहरीन की जनता के साथ खड़ा है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी समितियों की बैठकों और अन्य उच्चस्तरीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। सरकार की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर भारत करीबी नजर बनाए हुए है और शांति स्थापना के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

टिप्पणियां (0)