पाकिस्तान के राष्ट्रपति हुए कोरोना संक्रमित

khabar pradhan

संवाददाता

3 April 2025

अपडेटेड: 5:59 AM 0rdGMT+0530

पाकिस्तान के राष्ट्रपति हुए कोरोना संक्रमित

पाकिस्तान के राष्ट्रपति हुए कोरोना संक्रमित

कराची के हॉस्पिटल में एडमिट

कराची। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वही इसके बाद उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। जरदारी को सांस संबंधी परेशानी और बुखार के बाद कराची के एक हॉस्पिटल में लाया गया था। टेस्ट के बाद उनके कोविड संक्रमित होने की पुष्टि हुई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और अभी वह पृथक-वास में हैं। उनके डॉक्टर ने यह जानकारी दी है। जरदारी (69) को सांस संबंधी परेशानी और बुखार की शिकायत के बाद मंगलवार को हवाई मार्ग से नवाबशाह से कराची लाया गया और एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति के डॉक्टर डॉ. असीम हुसैन ने मीडिया को कहा कि जरदारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने कहा, ”कई परीक्षणों के बाद इसकी पुष्टि हुई और अब उन्हें पृथक-वास में रखा गया है तथा उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।” हुसैन ने कहा, ”विशेषज्ञों की एक टीम राष्ट्रपति की देखभाल कर रही है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।”

स्थानीय मीडिया की खबर के मुताबिक, जरदारी को ईद की नमाज अदा करने के लिए नवाबशाह गए थे और इससे पहले रविवार को उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की थी। हाल के वर्षों में जरदारी को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। जुलाई 2022 में वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, हालांकि उस समय उन्हें केवल ”हल्के लक्षण” ही महसूस हुए थे।

अक्टूबर 2024 में, विमान से उतरते वक्त उनके पैर में मोच आ गई थी और उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। चिकित्सा जांच के बाद, उनके पैर में प्लास्टर लगाया गया। मार्च 2023 में जरदारी की संयुक्त अरब अमीरात में आंख की सर्जरी हुई थी। पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ (एपीपी) के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने टेलीफोन पर राष्ट्रपति जरदारी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

टिप्पणियां (0)