पाकिस्तान के लिए जासूसी: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
संवाददाता
17 May 2025
अपडेटेड: 11:37 AM 0thGMT+0530
पाकिस्तान के लिए जासूसी: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. खुफिया एजेंसियों ने यह दावा किया है कि उन्होंने भारत की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी एजेंटों के साथ साझा की थी. उनकी गिरफ्तारी से एक बार फिर सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों की गतिविधियों पर सतर्कता की आवश्यकता पर बल मिला है.
पाकिस्तान वीज़ा और हाई कमीशन कर्मचारी से संपर्क
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में ज्योति मल्होत्रा ने कमीशन के जरिए पाकिस्तान का वीज़ा प्राप्त किया था और वहां यात्रा की थी. पाकिस्तान में उनकी मुलाकात हाई कमीशन में कार्यरत दानिश नामक व्यक्ति से हुई, जिसके साथ उनके नजदीकी संबंध बन गए. खुफिया सूत्रों का कहना है कि यहीं से उनके पाक खुफिया एजेंसियों से संपर्क शुरू हुए और इसके बाद उन्होंने भारत लौटने के बावजूद लगातार संपर्क बनाए रखा.
भारत लौटने के बाद भी जारी रहा संपर्क
खुफिया एजेंसियों का दावा है कि ज्योति मल्होत्रा ने लौटने के बाद भी पाकिस्तान से अपने संपर्क नहीं तोड़े. उन्होंने विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भारत से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजीं. इस गतिविधि को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना गया और उन्हें निगरानी में रखा गया. लंबे समय तक जांच और पर्याप्त सबूत इकट्ठा करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई.
पूछताछ में जुटी एजेंसियां, अन्य लोगों की भूमिका की जांच
गिरफ्तारी के बाद अब ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और क्या यह गतिविधियां आर्थिक लाभ या किसी दबाव के कारण की गईं. इस मामले में हरियाणा पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो ISI के लिए जासूसी कर रहे थे.
धार्मिक यात्रा के बहाने पाकिस्तान पहुंचा युवक भी गिरफ्तार
इसी मामले में हरियाणा के मस्तगढ़ गांव के 25 वर्षीय युवक देवेंद्र सिंह को भी स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, देवेंद्र सिंह ने करतारपुर कॉरिडोर के जरिए पाकिस्तान जाकर कई धार्मिक स्थलों का दौरा किया, लेकिन उसी दौरान वह ISI के संपर्क में आ गया. सूत्रों का दावा है कि उसे एक पाकिस्तानी महिला के जरिए फंसाया गया और एक सप्ताह तक वह उसके साथ रहा. देवेंद्र ने सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां, जिनमें ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाई शामिल है, पाकिस्तान को भेजी थीं.
इस तरह की घटनाएं देश की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर रही हैं कि कैसे सोशल मीडिया, धार्मिक यात्राएं और व्यक्तिगत संबंधों के ज़रिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी भारत में जाल बिछा रही है.