*फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश द्वारा सेंट्रल बैंक के रिटायर्ड मैनेजर से 57 लाख की ठगी*

khabar pradhan

संवाददाता

25 January 2026

अपडेटेड: 7:55 PM 0thGMT+0530

*फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश द्वारा सेंट्रल बैंक के रिटायर्ड मैनेजर से 57 लाख की ठगी*



ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सेंट्रल बैंक से सेवानिवृत्त मैनेजर एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के झांसे में आकर 57 लाख रुपये गंवा बैठे।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय पंकज श्रीवास्तव, सलैया स्थित शिवांगन कॉलोनी में रहते हैं और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से मैनेजर पद से रिटायर हो चुके हैं। उन्होंने शेयर बाजार में निवेश  करने के लिए इंटरनेट पर एक्सिस बैंक की सहयोगी कंपनी ‘एक्सिस डायरेक्ट’ का ट्रेडिंग पोर्टल सर्च किया था।

सर्च के दौरान पंकज श्रीवास्तव किसी अन्य कंपनी के फर्जी शेयर ट्रेडिंग पोर्टल पर पहुंच गए और अनजाने में वहीं रजिस्ट्रेशन कर दिया। कुछ समय बाद उस कंपनी की ओर से उन्हें फोन कॉल आया और एक अलग ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया।

पीड़ित ने शुरुआत में 2 लाख रुपये का निवेश किया। ऐप पर निवेश की राशि तेजी से बढ़ती दिखाई गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसी लालच में उन्होंने अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करनी शुरू कर दी।

मुनाफे की उम्मीद में पंकज श्रीवास्तव ने 7 जनवरी तक कुल 57 लाख रुपये उस ऐप के माध्यम से निवेश कर दिए। लेकिन जब उन्होंने मुनाफे के साथ राशि निकालने की कोशिश की, तो उनसे टैक्स, चार्ज और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और पैसे मांगे जाने लगे l

कुछ समय बाद ऐप पर दिखाई जा रही पूरी राशि अचानक गायब हो गई। इसके बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि जिस ट्रेडिंग ऐप और पोर्टल के जरिए उन्होंने निवेश किया था, वह पूरी तरह फर्जी है।


पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साइबर ठगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं l

टिप्पणियां (0)