बकायादारों की संपत्ति हुई कुर्क: भोपाल नगर निगम की कार्रवाई.
संवाददाता
22 February 2026
अपडेटेड: 9:41 AM 0ndGMT+0530
छोटा सा टैक्स, बड़ी कार्रवाई का कारण बना
भोपाल नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वालों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले सात संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया। निगम अब लगातार बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर राजस्व वसूली तेज कर रहा है, ताकि शहर की सुविधाओं के लिए जरूरी फंड जुटाया जा सके।
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं जमा किया टैक्स
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक कई संपत्ति मालिकों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं होने पर यह कदम उठाना पड़ा। शनिवार को की गई इस कार्रवाई में कई स्थानों पर टीम ने पहुंचकर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की और बकायेदारों को अंतिम चेतावनी भी दी गई है।
लाखों रुपये का बकाया, निगम की सख्ती जारी
जानकारी के अनुसार हीमदा खान पर लगभग 1 लाख 40 हजार 408 रुपये, हसीब खान पर करीब 1 लाख 60 हजार 881 रुपये और 98 संत कंवरराम कॉलोनी के दिलीप गिरधानी पर 3 लाख 33 हजार 572 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। इन सभी मामलों में भुगतान नहीं होने पर उनकी संपत्तियां कुर्क की गईं।
अलग-अलग वार्डों में भी की गई कार्रवाई
वार्ड 13 के फिरदौस नगर बैरसिया रोड क्षेत्र में यहां के एजाज मोहम्मद खान पर करीब 2 लाख 33 हजार रुपये बकाया था। वहीं वार्ड 17 में जय प्रकाश पालीवाल और अन्य लोगों के खिलाफ भी निगम की टीम ने कुर्की की कार्रवाई की। इससे क्षेत्र के अन्य करदाताओं में भी हलचल देखी जा रही है।
जल कनेक्शन काटने से लेकर कुर्की तक सख्ती
निगम अधिकारियों ने बताया कि जहां टैक्स जमा नहीं होगा, वहां जल कनेक्शन काटने और संपत्ति कुर्क करने जैसे कदम लगातार उठाए जाएंगे। निगम का कहना है कि टैक्स वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी बकायेदारों को नियमों के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।