बागेश्वर धाम में 300 बेटियों की होगी शादी, सीएम मोहन यादव ने किया मंडप पूजन

khabar pradhan

संवाददाता

14 February 2026

अपडेटेड: 6:32 PM 0thGMT+0530

बागेश्वर धाम में 300 बेटियों की होगी शादी, सीएम मोहन यादव ने किया मंडप पूजन




छतरपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम में  हर साल की तरह इस साल भी एक भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन होने जा रहा है। यहां 300 बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बागेश्वर धाम पंहुचे और मंडप पूजन किया।

पूजन के दौरान मुख्यमंत्री को पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने हल्दी की रस्म निभाते हुए हल्दी की थापी लगाई। मुख्यमंत्री ने भी इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि सरकार ऐसे आयोजनों में हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिन बेटियों का विवाह बागेश्वर धाम में संपन्न होगा, उनके परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों की शादी के बाद उनका जीवन सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने, इसके लिए सरकार योजनाओं से जोड़ने का काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में फिजूलखर्ची रोकते हैं और गरीब परिवारों के लिए राहत बनते हैं। इससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो जाता है और आर्थिक बोझ भी कम होता है।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और श्रद्धालु शामिल होंगे। विवाह समारोह को लेकर धाम परिसर में व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ सामाजिक आयोजनों को भी बढ़ावा दे रही है ताकि समाज में समरसता और सहयोग की भावना मजबूत हो।

टिप्पणियां (0)