बिहार में आवास सहायक के पति को धर दबोचा
संवाददाता
31 March 2025
अपडेटेड: 7:26 AM 0stGMT+0530
बिहार में आवास सहायक के पति को धर दबोचा
रिश्वत के डिमांड पर हुई कुटाई
सीतामढ़ी जिले में पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और लाभार्थियों से रिश्वत मांगी जा रही है। डुमरा प्रखंड के भासर चौक में आवास सहायक की पत्नी के पति को रिश्वत मांगते हुए पकड़ा गया और जनता ने पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को बचाया।
सूबे के सीतामढ़ी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का बुरा हाल है। वही विभिन्न पंचायतों में आवास के नाम पर मानो लूट मची है। यह कड़वी सच्चाई है। योजना को भ्रष्टाचार से मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन के स्तर से काफी सख्ती बरती जा रही है। तब भी जो कर्मी भ्रष्ट है वो भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। प्रशासन के स्तर से भ्रष्ट कर्मियों और दलालों के खिलाफ ताबड़तोड़ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा रही है। वाबजूद कुछ भ्रष्ट कर्मियों/दलालों में कार्रवाई का कोई भय नहीं है।
आवास योजना से लाभांवित कराने के एवज में पैसे का डिमांड करने और रिश्वत लेने के भी कई मामले सामने आ चुके है। इसके साथ ही ताजा मामला जिले के डुमरा प्रखंड के भासर चौक का है, जहां महिला आवास सहायक के पति को आवास योजना में कथित तौर पर रिश्वत का डिमांड करने पर लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। महिला आवास कर्मी का नाम अभिलाषा कुमारी है, जबकि उसके पति का नाम नीरज कुमार बताया गया है। वह जिले के बोखड़ा गांव का रहने वाला है।
किसी व्यक्ति की रिश्वत के डिमांड पर पिटाई की खबर सुनकर भासर पुलिस पिकेट प्रभारी अनुराग कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वही नीरज को भीड़ से बचाकर पुलिस पिकेट पर ले आए। वहां उससे पूछताछ शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि घटना की लिखित शिकायत किसी के स्तर से नहीं की गई है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।
यह घटना शाम की बताई गई है। हालांकि एनबीटी उक्त वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक व्यक्ति को कहते सुना जा रहा है कि ‘भासर चौक पर पूरा भौकाली टाइट कईले हई… इंदिरा आवास के घूसखोर पकड़ाईल हव।’ वीडियो में देखा जा सकता है कि उक्त व्यक्ति को कितनी भीड़ घेरे हुई है। बताते चले कि दो दिन पूर्व ही आवास योजना में रिश्वत लेने पर जिले के परिहार प्रखंड में मुखिया पति, आवास सहायक और वार्ड सदस्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।