*बैरसिया के शालाखेड़ी गांव में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष*
संवाददाता
31 January 2026
अपडेटेड: 4:50 PM 0stGMT+0530
भोपाल जिले के बैरसिया क्षेत्र में स्थित ग्राम शालाखेड़ी के हिनोतिया घाट पर दो गुटों के बीच जबरदस्त हिंसक झड़प हो गई। खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले पक्ष की ओर से सूबेद यादव (27 वर्ष), पिता बैजनाथ यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में मोहर सिंह यादव, इंदर सिंह यादव, राजेंद्र यादव, बुजमोहन यादव और संतोष यादव पर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। हमले में फरसे का इस्तेमाल किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बुजमोहन यादव के पिता मोहर सिंह यादव ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत में सूबेद यादव और राजेश को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।