भक्ति का रंग: कहीं विजया एकादशी पर मंदिरों श्री कृष्ण-खाटू श्याम का दिव्य श्रृंगार तो कहीं शिवरात्रि महोत्सव के तहत हल्दी मेंहदी रस्म
संवाददाता
14 February 2026
अपडेटेड: 7:05 PM 0thGMT+0530
विजया एकादशी के अवसर पर राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर के मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला। इस मौके पर मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे दिन पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण व खाटू श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
हित रसिक मंडल मंदिर इतवारा, राधा वल्लभ मंदिर इब्राहिमपुरा, बांके बिहारी मार्कंडेय मंदिर चौबदारपुरा, तलैया खाटू श्याम मंदिर पुतलीघर और सर्वधर्म कोलार में फाग गीतों पर श्रद्धालु झूमे l सर्व धर्म कॉलोनी कोलार के खाटू श्याम मंदिर में भगवान का फूलों से श्रृंगार करके भजन संध्या की गई l
बांके बिहारी मार्कंडेय मंदिर में भगवान बांके बिहारी और राधा रानी का फूलों से श्रृंगार हुआ l दीपदान भी किया गया l
मंदिरों में शिव गौरा की हल्दी मेंहदी की रस्म
दूसरी ओर शिवरात्रि महोत्सव के तहत मंदिरों में हल्दी-मेहंदी के रस्म अदा की गई l मंगल गीतों के साथ भगवान भोलेनाथ को हल्दी लगाई गई l महिलाओं ने मंगल गीत गाए, और शिव-गौरा को हल्दी लगाकर विवाह उत्सव की तैयारी शुरू की l
छोला विश्राम घाट मंदिर में मुक्तेश्वर महाकाल को हल्दी लगाई गई l
बड़ वाले महादेव सोमवारा में
शुक्रवार को अखंड रामायण पाठ का समापन और महा आरती हुई l शनिवार को बाबा बटेश्वर को फूलों से सजाया जाएगा l

साइ बाबा नगर स्थित शिव मंदिर में शिव आश्रय सेवा समिति के तत्वावधान में शिव पार्वती के जीवंत स्वरूप जोड़े को गणगौर माता मंदिर से कार में विराजमान किया गया l महिलाओं ने शिव और माता पार्वती को मेहंदी हल्दी लगाई l टीला जमालपुर स्थित शीतला माता मंदिर में भी हल्दी मेहंदी का कार्यक्रम हुआ l
गोविंदपुरा के पशुपतिनाथ मंदिर में महा शिवरात्रि पर गंगाजल कलश यात्रा बरखेड़ा राम मंदिर से निकलेगी पशुपतिनाथ का अभिषेक होगा और शाम को हवन कुंडों में करीब 5 लाख रुई की बातियों का दीप प्रज्वलन किया जाएगा