भारत टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में : इतिहास रचने से एक कदम दूर

khabar pradhan

संवाददाता

6 March 2026

अपडेटेड: 3:08 PM 0thGMT+0530

भारत टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में : इतिहास रचने से एक कदम दूर

6 मार्च 2026
मुंबई l टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गया है और अब इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है। फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी और भारत ने मैच 7 रन से अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया।

मैच में संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं ईशान ने 18 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने अहम विकेट लेकर इंग्लैंड की टीम को दबाव में रखा।

इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड भी बने। भारतीय टीम ने अपनी पारी में 19 छक्के लगाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे ज्यादा हैं। वहीं 253 रन का स्कोर भी टी-20 विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट मैचों का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।

अब भारतीय टीम के पास लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीतने का मौका है। अगर भारत फाइनल में न्यूजीलैंड को हरा देता है तो वह लगातार दो बार टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।

टिप्पणियां (0)