भारत-पाकिस्तान तनाव का असर क्रिकेट पर, BCCI ने एशिया कप 2025 से हटने के दिए संकेत
संवाददाता
19 May 2025
अपडेटेड: 9:15 AM 0thGMT+0530
भारत-पाकिस्तान तनाव का असर क्रिकेट पर, BCCI ने एशिया कप 2025 से हटने के दिए संकेत
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव का असर अब खेल के मैदान पर भी साफ दिखाई देने लगा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह एशिया कप 2025 में हिस्सा नहीं लेगा. यह फैसला केवल एक खेल से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा, जनभावनाएं और कूटनीतिक संबंधों का भी गहरा प्रभाव है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI ने यह फैसला पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की भूमिका को लेकर लिया है. नकवी इस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन भी हैं. BCCI के सूत्रों का कहना है कि भारत ऐसी संस्था द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकता, जिसका नेतृत्व पाकिस्तान का कोई राजनीतिक मंत्री कर रहा हो.
BCCI ने ACC को दिया अपना रुख, सरकार से भी संपर्क में
BCCI ने अपने रुख की जानकारी एशियन क्रिकेट काउंसिल को दे दी है और भारत सरकार से भी इस मामले पर लगातार संपर्क में है. BCCI के मुताबिक, यह सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि देश की भावनाओं का भी मामला है. ऐसे माहौल में जब सीमा पर तनाव चरम पर है, भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान की मेजबानी या नेतृत्व में आयोजित किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकती.
इस बयान के बाद एशिया कप 2025 को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है. यह टूर्नामेंट इस साल सितंबर में भारत की मेजबानी में प्रस्तावित था, लेकिन यदि भारत हटता है तो इसके रद्द होने की पूरी संभावना बन सकती है. भारत के नहीं खेलने से ब्रॉडकास्टिंग कंपनियां भी टूर्नामेंट से पीछे हट सकती हैं, जिससे इसके आयोजन पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है.
पहले भी हाईब्रिड मॉडल में हो चुका है टूर्नामेंट
यह पहली बार नहीं है जब भारत और पाकिस्तान के रिश्तों का असर एशियाई टूर्नामेंट पर पड़ा हो. 2023 का एशिया कप पाकिस्तान को सौंपा गया था, लेकिन भारत ने पाकिस्तान जाकर खेलने से इनकार कर दिया था. इसके चलते टूर्नामेंट को हाईब्रिड मॉडल में आयोजित किया गया. भारत के सभी मैच श्रीलंका में कराए गए और फाइनल भी वहीं खेला गया, जिसमें भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर खिताब जीता था.
इसी तरह फरवरी 2025 में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी भी हाईब्रिड मॉडल पर खेली गई थी. भारतीय टीम ने पाकिस्तान न जाकर अपने मैच दुबई में खेले थे.
इमर्जिंग वुमन एशिया कप से भी हटने के संकेत
BCCI ने श्रीलंका में अगले महीने आयोजित होने वाले इमर्जिंग वुमन एशिया कप से भी हटने के संकेत दे दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड ने इस फैसले की जानकारी मौखिक रूप से आयोजकों को दे दी है.
यह घटनाएं स्पष्ट करती हैं कि भारत-पाक रिश्तों का असर केवल राजनीतिक या सैन्य स्तर पर नहीं, बल्कि खेल और संस्कृति पर भी पड़ता है.