भोजशाला विवाद: ASI की सर्वे रिपोर्ट पर आज हाईकोर्ट में होगी अहम सुनवाई

khabar pradhan

संवाददाता

16 March 2026

अपडेटेड: 5:33 PM 0thGMT+0530

भोजशाला विवाद: ASI की सर्वे रिपोर्ट पर आज हाईकोर्ट में होगी अहम सुनवाई

16 मार्च 2026

इंदौर/धार। धार स्थित एएसआई द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक इमारत भोजशाला से जुड़े मामले में 16 मार्च को इंदौर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से पेश की गई सर्वे रिपोर्ट पर कोर्ट ने सभी पक्षों को आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय दिया था।

सोमवार से अब इन आपत्तियों पर सुनवाई शुरू होगी। हाईकोर्ट एडवोकेट विनय जोशी और याचिकाकर्ता आशीष गोयल ने बताया कि 23 फरवरी को इंदौर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान रिपोर्ट को ऑन रिकॉर्ड लिया गया था। इसके बाद सभी पक्षों को दावे-आपत्ति और सुझाव देने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था।

इसी के तहत 16 मार्च, सोमवार को कोर्ट में इन बिंदुओं पर सुनवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार मुस्लिम पक्ष की ओर से भी सर्वे रिपोर्ट को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इन आपत्तियों की जानकारी सभी पक्षकारों को उपलब्ध करा दी गई है।

अब हाईकोर्ट में इन मुद्दों पर विस्तार से सुनवाई होगी।


भोजशाला मामले में एएसआई का सर्वे 98 दिन चला, रिपोर्ट में 186 स्तंभों का उल्लेख

भोजशाला विवाद से जुड़े मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा कराया गया सर्वे 98 दिनों तक चला। यह सर्वे उच्च न्यायालय के आदेश के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में कराया गया था।

हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से दायर याचिका के आधार पर हुए इस सर्वे में एएसआई ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है। रिपोर्ट के अनुसार भोजशाला परिसर में मौजूद करीब 186 स्तंभों को सनातनी संस्कृति से जुड़ा बताया गया है।

सर्वे रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि परिसर में मौजूद शिलालेखों पर अंकित चित्र और श्लोक हिंदू संस्कृति के प्रमाण माने जा सकते हैं।

वहीं मुस्लिम पक्ष ने एएसआई सर्वे की वीडियोग्राफी को साक्ष्य के रूप में पेश करने की मांग की है। ऐसे में मामले को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है और सोमवार को फैसले की संभावना कम बताई जा रही है।

टिप्पणियां (0)