भोपाल में खौफनाक वारदात: कर्मचारियों को बचाने आए चाय कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
संवाददाता
31 March 2026
अपडेटेड: 4:19 PM 0stGMT+0530
31 मार्च 2026
भोपाल:
राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। अपनी होटल के कर्मचारियों को बदमाशों से बचाना एक चाय कारोबारी को भारी पड़ गया। बदमाशों ने कारोबारी के सीने और पेट पर चाकू से 8 से ज्यादा वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और सोमवार सुबह परिजनों ने सड़क जाम कर भारी हंगामा किया।
क्या है पूरा मामला?
सुभाष कॉलोनी के रहने वाले विजय मेवाड़ा (35) कोलर और अशोका गार्डन इलाके में दो चाय होटल चलाते थे। रविवार रात करीब 1 बजे विजय अपनी होटल बंद कर कर्मचारियों को घर छोड़ने जा रहे थे। तभी प्रगति नगर के पास उनका सामना इलाके के कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ बम और उसके साथियों (फरमान और इमरान) से हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी आसिफ और उसके साथी विजय के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर रहे थे और उन्हें जबरन अपने साथ चलने को कह रहे थे। जब कर्मचारियों ने मना किया तो विवाद बढ़ गया। विजय मेवाड़ा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिससे गुस्साए आसिफ ने चाकू निकालकर विजय पर हमला कर दिया। बदमाशों ने विजय के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार किए और मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाते समय विजय ने दम तोड़ दिया।
परिजन सड़क पर उतरे, चक्काजाम किया
सोमवार सुबह जैसे ही विजय की मौत की खबर फैली, सुभाष कॉलोनी के लोग और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
परिजनों ने शव रखकर रास्ता जाम कर दिया और आरोपियों को तुरंत फांसी देने की मांग की।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—फरमान और इमरान को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी आसिफ बम अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम एक आदतन अपराधी है। उस पर अलग-अलग थानों में 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, लूट, चोरी और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
तनाव को देखते हुए अशोका गार्डन इलाके और पोस्टमार्टम रूम के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हिंदू संगठनों ने आरोपियों पर ‘रासुका’ (NSA) लगाने और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की है।