भोपाल में महावीर जयंती की धूम: 85 जिनालयों में हुआ महामस्तकाभिषेक, सड़कों पर उतरा श्रद्धा का सैलाब
संवाददाता
31 March 2026
अपडेटेड: 1:53 PM 0stGMT+0530
31 मार्च 2026
भोपाल:
राजधानी भोपाल में भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव (महावीर जयंती) बड़ी ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे शहर के 85 जैन मंदिरों (जिनालयों) में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक के कार्यक्रम हुए। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी और पूरा शहर “जय जिनेन्द्र” के नारों से गूंज उठा।
शहर के अलग-अलग जैन मंदिरों में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल था। शाहपुरा जैन मंदिर में भगवान का अभिषेक सोने और चांदी के कलशों से किया गया। वहीं, साकेत नगर स्थित जिनालय में भी चांदी के कलशों से महामस्तकाभिषेक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
नगर में निकलीं 25 से ज्यादा भव्य शोभायात्राएं
जैन समाज ने शहर के विभिन्न इलाकों में 25 से ज्यादा शोभायात्राएं निकालीं। इन यात्राओं में बैंड-बाजों, दिव्य घोष और आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा का सबसे खास आकर्षण लकड़ी के बने ऐरावत हाथी पर बैठे इंद्र-इंद्राणी की झांकी थी। बच्चों ने सौधर्म इंद्र की भूमिका निभाकर सबका दिल जीत लिया।
सहारनपुर से विशेष रूप से मंगवाया गया 30 फीट लंबा और 15 फीट ऊंचा रथ आकर्षण का केंद्र रहा।
चौक दिगंबर जैन मंदिर से मुनि संभव सागर महाराज के सानिध्य में जुलूस निकला। वहीं, चौक स्थित श्वेतांबर जैन मंदिर से भी गाजे-बाजे के साथ पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें भक्त भगवान की पालकी को कंधे पर उठाकर चल रहे थे।
मुख्यमंत्री और महापौर भी हुए शामिल
इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शिरकत की। उनके साथ महापौर मालती राय और विधायक आरिफ मसूद ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान महावीर का आशीर्वाद लिया। पंचायत कमेटी के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
भोपाल उत्सव मेला समिति की ओर से भी चल समारोह का भव्य स्वागत किया गया। समिति के महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि पूरी शोभायात्रा मार्ग पर समिति के सदस्यों द्वारा पुष्प वर्षा की गई और श्रद्धालुओं का स्वागत सत्कार किया गया।