मध्य प्रदेश में एक बार फिर पेपर लीक होने की खबर : बोर्ड परीक्षा के आठवीं का संस्कृत का पर्चा हुआ लीक:
संवाददाता
27 February 2026
अपडेटेड: 5:48 PM 0thGMT+0530
पांचवी और आठवीं के पेपर टेलीग्राम पर बिक रहे:
मध्य प्रदेश में एक बार फिर पेपर लीक होने की बड़ी खबर सामने आई है ।यहां परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही बच्चों को संस्कृत का पेपर मिल चुका था जब एग्जाम सेंटर के असली पेपर और वायरल पेपर को मिलाया गया तो दोनों पेपर बिल्कुल एक जैसे ही पाए गए।
26 फरवरी को भोपाल में आठवीं का संस्कृत का पेपर था । बच्चे परीक्षा केंद्र पर पहुंचे इसके पहले ही पेपर बाहर आ चुका था । बच्चों तक प्रश्न पत्र 1 दिन पहले ही पहुंच गया था और वही पेपर व्हाट्सएप पर भी घूम रहा था।
इसके पहले 17 फरवरी को बुरहानपुर से दसवीं के पेपर लीक को लेकर एक मामला सामने आया था। वायरल पेपर को जब एग्जाम सेंटर से निकले छात्रों के प्रश्न पत्र से मिलाया गया तो दोनों प्रश्न पत्र एक जैसे ही पाए गए। छात्रों का कहना है कि पेपर उन्हें पहले से मिल गया था। कुछ टेलीग्राम चैनल पर पैसे लेकर प्रश्न पत्र बेचने का आरोप भी लगाया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के रवीश श्रीवास्तव का कहना है कि भोपाल जिले के 32 जन शिक्षा केंद्रों में प्रश्न पत्र प्रभारी की अभिरक्षा में रखे गए थे। पेपर लीक की कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है । सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्न पत्र की जांच की जा रही है। लीक की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इसके अलावा कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है । डीपीसी और जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं । जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस तरह की घटनाओं ने परीक्षा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।