महिलाओं से लोन की किस्त लेकर बैंक कर्मी ने नहीं किए जमा: रुपए लेकर हुआ गायब:
संवाददाता
10 February 2026
अपडेटेड: 2:17 PM 0thGMT+0530
भोपाल
एक्सिस बैंक का रिकवरी एजेंट सवा लाख रुपये लेकर गायब:
10 फरवरी 2026:
ख़बर प्रधान डेस्क:
इटखेड़ी क्षेत्र में एक्सिस बैंक का एक रिकवरी एजेंट करीब सवा एक लाख रुपये की राशि लेकर फरार हो गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक ने 31 महिलाओं को नोटिस भेजा। इस प्रकरण में बैंक मैनेजर ने जालसाजी और गबन का केस दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, इस्लाम नगर में एक्सिस बैंक की शाखा है। इसी शाखा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की 31 महिलाओं को समूह लोन दिया गया था। इन ऋणों की रिकवरी की जिम्मेदारी पवन गोस्वामी नामक एजेंट के पास थी, जो बैंक का फील्ड ऑफिसर भी था।
बताया गया कि एजेंट महिलाओं से रकम तो ले रहा था, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं कर रहा था। इसकी जानकारी तब सामने आई जब बैंक मैनेजर वसीम कुरैशी के पास महिलाओं ने एक-एक कर शिकायतें दर्ज कराईं।
बैंक की आंतरिक जांच में रिकवरी एजेंट पवन गोस्वामी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। बताया जा रहा है कि वह करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़कर फरार हो गया था।
मैनेजर की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच अब ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही है।