मेडिकल कॉलेज रीवा में छात्रों का हंगामा, 28 पर एफआईआर दर्ज:

khabar pradhan

संवाददाता

4 February 2026

अपडेटेड: 2:39 PM 0thGMT+0530

मेडिकल कॉलेज रीवा में छात्रों का हंगामा, 28 पर एफआईआर दर्ज:

रीवा मेडिकल कॉलेज में दो गुटों में विवाद -जमकर किया बवाल:

रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में छात्रों में छुट्टी पर जाने को लेकर विवाद की स्थितियां निर्मित हुई।
मेडिकल कॉलेज  परिसर में छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद आधी रात को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। छात्रों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने 28 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सबसे पहले विवाद की शुरुआत कॉलेज के कैंपस से हुई । इसके बाद संजय गांधी अस्पताल परिसर में भी दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई।  इसमें करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए।


थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के अनुसार, दोनों पक्षों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। मामला मेडिकल छात्रों के बीच जीटी यानी छुट्टी पर जाने को लेकर शुरू हुआ था।

झगड़े का वास्तविक कारण:

जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल में रहने वाले छात्र सामूहिक छुट्टी लेना चाहते थे ,ताकि कक्षाएं न लगें, जबकि हॉस्टल के बाहर रहने वाले विद्यार्थियों ने इसका विरोध किया। इसी मुद्दे पर सोमवार शाम संजय गांधी अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों में झड़प हो गई।

घटना की सूचना पर अमरिया थाना की पुलिस वहां पहुंची और मामले को शांत करा दिया । किंतु यह विवाद रात में एक बार फिर बढ़ा ,जिसमें 50 से अधिक मेडिकल छात्रों के एक गुट ने किराए के कमरे में रहने वाले दूसरे गुट के छात्रों पर हमला कर दिया । इसमें कई छात्र घायल हो गए।

मेडिकल छात्रों का यह विवाद मध्य प्रदेश की डिप्टी सीएम स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के गृह जिले का बताया जा रहा है । यह घटनाक्रम उनके निवास स्थान से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित द्वारका नगर में हुआ।
दोबारा विवाद होने पर 50 से अधिक मेडिकल छात्र आधी रात द्वारका नगर पहुंचे और किराए से रहने वाले छात्रों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मेडिकल छात्र लाठी डंडे से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं तो कुछ छात्र जान बचाकर भागते हुए भी नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस दौरान मारपीट की घटना भी हुई, जिसमें करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। वरिष्ठ छात्रों ने हॉस्टल छात्रों का समर्थन किया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस ने घायल छात्रों की लिखित शिकायत के आधार पर मारपीट करने वाले छात्रों को चिन्हित कर लिया है।

थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि छुट्टी पर जाने को लेकर छात्र गुटों में यह विवाद की स्थिति बनी । दोनों पक्ष आपस में विवाद कर रहे थे, जिसके चलते मारपीट हुई।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए 28 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियां (0)