यूपीएससी आवेदन की अंतिम तिथि आज: तकनीकी समस्या से परेशानी
संवाददाता
24 February 2026
अपडेटेड: 11:55 AM 0thGMT+0530
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए आवेदन की मंगलवार को अंतिम तिथि है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आखिरी दिन फॉर्म भरने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वेबसाइट पर दबाव बढ़ गया है। आयोग की ओर से उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
हालांकि अंतिम दिन आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in ठप होने की शिकायतें सामने आई हैं। कई अभ्यर्थी फॉर्म सबमिट नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके बीच चिंता बढ़ गई है। तकनीकी समस्या के कारण हजारों उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ बताए जा रहे हैं।
तकनीकी दिक्कतों से परेशान अभ्यर्थी सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें दर्ज कर रहे हैं और आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि सर्वर डाउन रहने से उनका एक साल प्रभावित हो सकता है, इसलिए आयोग को इस पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए।
आयोग की ओर से इस वर्ष कुल 933 रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी की गई है। सिविल सेवा परीक्षा देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल है, जिसमें हर साल लाखों उम्मीदवार हिस्सा लेते हैं, ऐसे में आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों की चिंता स्वाभाविक मानी जा रही है।