*राष्ट्रीय श्री अन्न महोत्सव 2026*
संवाददाता
29 January 2026
अपडेटेड: 5:50 PM 0thGMT+0530
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय श्री अन्न (मिलेट्स) महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव में देश के 10 राज्यों से आए प्रतिभागी श्री अन्न (मिलेट्स) पर आधारित पारंपरिक व्यंजनों, मिठाइयों और अन्य भोज्य पदार्थों का निर्माण कर उनका प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे। इसके साथ ही मिलेट्स से जुड़े पारंपरिक खाद्य ज्ञान और आधुनिक नवाचारों का परिचय भी दर्शकों को कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय संगीत एवं लोक गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रमुख सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में श्री जानकी बैंड ऑफ वूमेन, जबलपुर, विदुषी भारतीय विश्वनाथन (भोपाल) तथा मैहर बैंड की प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।साँस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा। यह संग्रहालय के विधि संकुल परिसर में आयोजित होगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य देश की समृद्ध खाद्य परंपराओं, लोक ज्ञान और पोषण संस्कृति से आमजन को अवगत कराना है। संग्रहालय के निदेशक डॉ. अमिताभ पांडे ने बताया कि वर्तमान समय में श्री अन्न (मिलेट्स) को स्वास्थ्यवर्धक, पोषण से भरपूर और पर्यावरण-अनुकूल आहार के रूप में वैश्विक पहचान मिल रही है। यह महोत्सव मिलेट्स के पारंपरिक खाद्य ज्ञान और आधुनिक नवाचारों के समन्वय का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
महोत्सव में सिक्किम, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक, जनजातीय कलाकार और खाद्य विशेषज्ञ भाग लेंगे, जो अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन करेंगे।