वाराणसी में पहली बार पुलिसिंग का रिव्यू, 145 दरोगा फेल…

khabar pradhan

संवाददाता

17 May 2025

अपडेटेड: 12:51 PM 0thGMT+0530

वाराणसी में पहली बार पुलिसिंग का रिव्यू, 145 दरोगा फेल…

वाराणसी में पहली बार पुलिसिंग का रिव्यू, 145 दरोगा फेल

उत्तर प्रदेश में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद वाराणसी में पहली बार पुलिसिंग का विस्तृत मासिक रिव्यू किया गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने 589 सब इंस्पेक्टर की कार्यक्षमता का मूल्यांकन किया। हैरान करने वाली बात यह रही कि इनमें से 145 दरोगा 75 में से 25 अंक भी नहीं ला सके। यही नहीं, 50 से अधिक सब इंस्पेक्टर एफआईआर लिखने तक में अक्षम पाए गए।

6 सब इंस्पेक्टर ‘स्टार परफॉर्मर’, फेल दरोगाओं की होगी काउंसलिंग

रिव्यू में मंडुवाडीह के राजदर्पण तिवारी और अमरजीत कुमार, रोहनिया के विकास मौर्य, चेतगंज की मीनू सिंह, कोतवाली की निहारिका साहू और रामनगर की अंशू पांडे को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘स्टार परफॉर्मर’ घोषित किया गया। दूसरी ओर, जिन दरोगाओं का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, उन्हें एक माह के लिए पुलिस लाइन अटैच कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर खुद प्रतिदिन 10 दरोगाओं की काउंसलिंग करेंगे।

कमिश्नर के निर्देश: हुक्का बार, ऑनलाइन सट्टा और अपराधियों पर कसे शिकंजा

क्राइम मीटिंग में मोहित अग्रवाल ने साफ निर्देश दिए कि हुक्का बार, स्पा सेंटर और ऑनलाइन सट्टा जैसे अनैतिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क पर स्टंट करने वालों, शराब तस्करों, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों और चैन स्नैचिंग के मामलों पर भी सख्त एक्शन के निर्देश दिए। बाजारों में रात्रि गश्त, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और CUG फोन हर हाल में अटेंड करने का आदेश भी जारी किया गया।

टिप्पणियां (0)